साइबर योद्धाओं को नसीहत सभी सम्प्रदाय के लोग सजग होकर करें कट्टरपंथी इस्लाम से मुकाबला

भोपाल, भारतीय संविधान समानता का अधिकार देता है। आज भारत में मुस्लिमों को जो आजादी है, वह कट्टरपंथी इस्लामिक देशों में नहीं है। आज कट्टरपंथी इस्लाम के कारण अफगानिस्तान में तालिबान को सत्ता तो मिल गई लेकिन लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं है। इसलिए कट्टरपंथी इस्लाम आज पूरी दुनिया के लिए खतरा बनता जा रहा है। लेकिन इस खतरे का मुकाबला हम सभी को मिलकर करना होगा। कट्टरपंथी इस्लाम की विचारधारा को फैलने ने रोकने के लिए चाहे हिन्दू हो, मुसलमान हो या फिर बुद्ध हो, सभी को सजग होना पड़ेगा। इस काम में साइबर योद्धाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। देश में अशांति और बांटने वाले लोगों को पूरी ताकत के साथ जवाब देकर उनके मंसूबों पर पानी फेरने का काम साइबर योद्धाओं को प्रतिदिन करना चाहिए।
यह बात भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संयुक्त रूप से साइबर योद्धाओं से संवाद करते हुए कही। आज गुरुवार को समन्वय भवन में ’कट्टरपंथी इस्लाम का राजनीतिक उदय और भारतीय सुरक्षा के लिए चुनौतियां’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे।
लोगों की भलाई और सुरक्षा हमारा धर्म है इसलिए जीत हमारी होगी
मुरलीधर राव ने कहा कि 135 करोड़ भारतवासियों की सुरक्षा के लिए हमें इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा से लड़ना होगा। राव ने कहा कि भारत में मोहम्मद गजनी, मोहम्मद गौरी, औरंगजेब, बाबर जैसे लोगों की विचारधारा के साथ कोई समझौता न तो भारत ने किया है और न ही करेगा। इसे हिन्दू बनाम मुसलमान नहीं बनाएं, जो ऐसा करते हैं वह देश के गद्दार हैं। आज देश को बचाना हमारे लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि कट्टरपंथ इस्लाम के साथ लड़ाई करके अपनी संस्कृति की रक्षा करने वाला दुनिया में एक मात्र देश भारत है। भारत में शांति, विविधता, संतुलित विकास और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कट्टरपंथ इस्लाम का मुकाबला करना हमारे लिए बहुत जरूरी है। यह मुद्दा देश की संस्कृति और दुनिया की शांति का है। राव ने कहा कि लेकिन देश के लोगों को डरने की भी जरूरत नहीं है। कट्टरपंथियों से मुकाबला करने में जीत हमारी ही होगी क्योंकि धर्म हमारे साथ है। धर्म लोगों की भलाई का है, लोगों की सुरक्षा और शांति का है इसलिए निश्चित रूप से जीत हमारी होगी। उन्होंने कहा कि तालिबानियों ने ताकत के बल पर सत्ता हासिल कर ली हो लेकिन वहां लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं है। राव ने कहा कि कट्टरपंथी इस्लाम से लड़ना हम सभी की संवैधानिक, राजनीतिक जिम्मेदारी है। इसके लिए साइबर योद्धाओं को बड़ी मुखरता के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *