लखनऊ,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि एमएसपी के तहत धान खरीद की कार्यवाही पूरी सक्रियता से संचालित की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई दिक्कत न हो। मक्का खरीद प्रक्रिया को सुचारु ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने धान एवं मक्का खरीद केन्द्रों की व्यवस्थाओं की नियमित माॅनिटरिंग किए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को यहां आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्तर पर किसानों से नियमित सम्पर्क एवं संवाद बनाकर उनकी अपेक्षाओं तथा समस्याओं के सम्बन्ध में त्वरित कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान कल्याण मिशन का शुभारम्भ किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अभियान में संचालित होने वाली गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। किसान कल्याण मिशन के तहत विकास खण्ड स्तर पर आयोजित होने वाले कृषि मेले तथा कृषि प्रदर्शनी में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में निवेश के लिए उत्कृष्ट वातावरण तैयार किया गया है। उन्होंने डेटा सेन्टर नीति को शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित डेटा सेन्टर नीति के प्रख्यापन से पूर्व ही राज्य सरकार को डेटा सेण्टर स्थापना के कई प्रस्ताव मिले जिन पर सक्रियता से कार्यवाही की जा रही है। नवम्बर, 2020 में ग्रेटर नोएडा में स्थापित किए जाने वाले डेटा सेन्टर पार्क का भूमि पूजन सम्पन्न हो गया है। प्रदेश में डेटा सेन्टर नीति लागू हो जाने के पश्चात इस सेक्टर में निवेश में व्यापक स्तर पर वृद्धि होगी।
योगी के निर्देश किसानों को उपज बेचने में न हो कोई दिक्कत