हनीट्रैप मामले की जॉंच शुरू, सदस्यों के बीच चार घंटे बैठक, शमी बोले अपराधियों के नाम उजागर होंगे

इन्दौर, म.प्र. के हाई प्रोफाइल हनीट्रैप मामले की जॉंच के लिए गठ‍ित एसआईटी के प्रमुख संजीव शमी बुधवार को इन्दौर पहुंचे और उन्होंने मामले की जॉंच शुरू की। उन्होंने एसआईटी की बैठक लेकर जॉंच के सिलसिले में सदस्यों को ‘टास्क’ दिए। एसएसपी इन्दौर और एसआईटी सदस्य रूचिवर्धन मिश्र के साथ संजीव शमी महिला थाने पहुंचे और हनीट्रैप मामले में गिरफ्तार आरती दयाल और मोनिया यादव से पूछताछ की। एसएसपी कार्यालय में एसआईटी की बैठक हुई, इसमें सभी सदस्य भी उपस्थ‍ित थे। करीब 4 घंटे चली बैठक में उन्होंने मामले की विस्तार से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
अपराध‍ियों के नाम सामने आयेंगे
बैठक के बाद शमी ने यहां पत्रकारों के सवालों के नपे-तुले जवाब देते हुए कहा कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष जॉंच दल गठ‍ित किया गया है। रेवेन्यु फिकेशंस भी बहुत ज्यादा है, क्योंकि हाई ऑफ‍िसर्स कॉम्प्रमाइज़ हो रहे है, उसी को मद्देनजर रखते हुए एसआईटी बनाई गई है।उन्होंने यह स्पष्ट किया कि प्रकरण में जो भी लोग शामिल है यदि उनका अपराध पाया जायेगा, तो उनके नाम जरूर सामने आयेंगे। शमी से जब पूछा गया कि क्या अब तक कोई नाम सामने आए? आरोपियों को कहा ले जाया जायेगा? इस पर उन्होंने कहा कि ये सब जॉंच के विषय है, उसकी अभी चर्चा नहीं कर सकते।
सभी पहलुओं पर जॉंच
एसएसपी रूचिवर्धन मिश्र ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि लगभग 4 घंटे चली एसआईटी की बैठक में हनीट्रेप मामले में जो दोनों प्रकरण पंजीबद्ध हुए है, उनके पहलुओं पर चर्चा हुई। बैठक में एसआईटी मैम्बर्स उपस्थति थे। उन्होंने बताया कि मामले में जो विस्तृत जॉंच की जानी है, उनके बिन्दुओं पर चर्चा हुई और एसआईटी सदस्यों को उनके कार्य सौंपे गये है। एसएसपी ने बताया कि जॉंच के दौरान जो भी नए बिन्दु सामने आयेंगे, दोनों प्रकरणों से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से जॉंच की जायेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दोनों प्रकरणों में जो आरोपी है, उनकी सम्पत्त‍ियों के डिटेल्स है, उसके बारे में जॉंच पृथक से होगी, जो प्रकरण के जॉंच के बिन्दुओं पर आधारित होगी। वैध या अवैध सम्पत्त‍ि के स्त्रोतों के बारे में जॉंच में जो भी बिन्दु आवश्यक होंगे, उसमें परीक्षण किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *