शिवपुरी,मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक वीभत्स घटना सामने आई है। यहां के सिरसौद में सड़क किनारे शौच कर रहे बच्चों की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतकों में एक 10 वर्षीय बच्चा अविनाश और 12 वर्षीय रोशनी शामिल हैं। पुलिस ने दो आरोपी हाकिम यादव, रामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हाकिम यादव ने कहा कि उसे सपने में राक्षसों के संहार का आदेश मिला था, इसलिए उसने हत्या कर दी, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि यह दंबग और दलित का मामला है। शिवपुरी एसपी राजेश चंदेल ने बताया कि इस मामले की अंधविश्वास और छुआछूत को भी आधार मानकर जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि भावखेड़ी गांव में मनोज वाल्मीकि की बहन रोशनी और उसका बेटा अविनाश शौच के लिए गए थे। तभी आरोपियों ने दोनों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। गांव में तनाव फैलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक आरोपी ने पीटने का वीडियो भी बनाया है।
रंजिश की कहानी
मृतक रोशनी के भाई मनोज ने पुलिस केा बताया है कि आरोपी हाकिम उसके परिवार से रंजिश रखता था। हाकिम के घर का एक सदस्य सरपंच है और उसने मनोज के घर में शौचालय भी नहीं बनने दिया। हैंडपंप पर भी पानी तब भरने दिया जाता है, जब ऊंची जाति के लोग पानी भर लेते हैं। मनोज का आरोप है कि गांव में लोग उसके परिवार को जातिसूचक शब्दों से बुलाते हैं।
शिवपुरी में दिल दहला देने वाली घटना, खुले में शौच कर रहे 10 साल के बच्चे और 12 साल की बच्ची को पीट-पीटकर मार डाला