बक्सर, बिहार के बक्सर जिले के एक थाने में केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की गई है। मामला बक्सर के डुमरांव थाने से जुड़ा है। शिकायत बक्सर जिले के नया भोजपुर ओपी प्रभारी राजीव रंजन राय ने डुमरांव थाने में की है। लिखित शिकायत में मंत्री पर राजीव रंजन ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। दरअसल दो दिन पहले अश्विनी चौबे ने डुमरांव में जनता दरबार के दौरान दरोगा राजीव रंजन को कहा था कि आपकी वर्दी उतर सकती है। मामला बीजेपी के एक कार्यकर्ता का नाम गुंडा रजिस्टर में जोड़ने से जुड़ा है। दस दिन पहले दरोगा ने बीजेपी के एक कार्यकर्ता का नाम गुंडा रजिस्टर में दर्ज करने के बाद थाने पर परेड कराया था।
थानेदार की इस कार्रवाई की शिकायत बीजेपी कार्यकर्ता ने अश्विनी चौबे से की थी। जिस वक्त ये शिकायत की गई थी उस वक्त जनता दरबार में ही दारोगा भी मौजूद थे और पूछताछ के दौरान ही चौबे दारोगा पर आग बबूला हो गए थे। मंत्री जी कार्यकर्ता का नाम गुंडा पंजी में दर्ज कराने से इस कदर नाराज थे कि उन्होंने पूछा कि आखिर किससे पूछ कर उन्होंने बीजेपी के कार्यकर्ता का नाम गुंडा पंजी में दाखिल किया? केंद्रीय मंत्री ने थानेदार से पूछा कि क्या आम आदमी भी उन्हें गुंडा नजर आता है? चौबे ने कहा कि जो गुंडा है उस पर तो पुलिस में कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं है, लेकिन निर्दोष लोगों का नाम गुंडा रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री के कड़े तेवर पर जब दारोगा घबराएं तब उन्होंने डीएसपी को भी लाइन पर ले लिया।
धमकाए जाने के बाद मंत्री अश्विनी चौबे के खिलाफ दरोगा ने थाने में दर्ज कराई शिकायत