झारखण्ड में महागठबंधन के दलों में सीटों का फार्मूला तय जल्द होगा एलान

रांची, झारखंड में महागठबंधन में सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया है। झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन की मौजूदगी एक-दो दिनों में इसकी औपचारिक घोषणा कर दिये जाने की संभावना है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर जो सहमति बनी है,उसके तहत कांग्रेस सात सीटों रांची, खूंटी, लोहरदगा, हजारीबाग, चतरा, धनबाद और सिंहभूम से चुनाव लड़ेगी। जबकि झामुमो दुमका, राजमहल, गिरिडीह और जमशेदपुर से चुनाव लड़ेगा। झाविमो का गोड्डा और कोडरमा से चुनाव लड़ना तय है, वहीं राजद को पलामू सीट दिया गया है।
हालांकि इस फार्मूले पर अब तक महागठबंधन में शामिल दलों की ओर से कोई भी आधिकारिक पुष्टि या खंडन से इंकार किया गया है। महागठबंधन के नेताओं का दावा है कि बातचीत के माध्यम से जिच खत्म हो चुका है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। सीटों के बंटवारे के साथ ही उम्मीदवारों के नाम पर भी लगभग सहमति बन चुकी है। जिसके तहत रांची से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, खूंटी से पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रदीप बलमुचू, लोहरदगा से रामेश्वर उरांव, चतरा से धीरज प्रसाद साहू और सिंहभूम से गीता कोड़ा का लड़ना तय माना जा रहा है, जबकि हजारीबाग और धनबाद सीट को लेकर कई नामों की चर्चा है। झामुमो में भी दुमका से शिबू सोरेन, राजमहल से विजय हांसदा, गिरिडीह से जगरनाथ महतो का लड़ना तय है, वहीं जमशेदपुर सीट से नामों पर मंथन चल रहा है। कोडरमा से झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी और गोड्डा से प्रदीप यादव चुनाव लड़ेंगे, जबकि पलामू संसदीय सीट से राजद के घूरन राम और मनोज भुईंया के नाम की चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *