मध्यप्रदेश में पड़े 75 % वोट

भोपाल, मध्यप्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के लिए करीब 75% वोट डाले गए हैं। पूरे राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों पर इस प्रकार आज एक साथ चुनाव संपन्न हो गया। आज करीब पांच करोड़ मतदाताओं को वोट डालना था,जिसमें से लगभग 74.12% लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। अभी चुनाव आयोग की ओर से मतदान के अंतिम आंकड़े जारी किये जाने हैं,जिससे मतदान के ओर बढ़ने की ही उम्मीद है। चुनाव आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुर में 77 मुरैना में 65 भिंड में 63 ग्वालियर में 64 दतिया में 72 शिवपुरी में 72 गुना में 75 अशोक नगर में 75 सागर में 71 टीकमगढ़ में 72 छतरपुर में 66 दमोह में 71 पन्ना में 72 सतना में 72 रीवा में 66 सीधी में 68 सिंगरौली में 66 शहडोल में 74 अनूपपुर में 74 उमरिया में 71 कटनी में 72 जबलपुर में 68 डिंडोरी में 78 मंडला में 77 बालाघाट सिवनी में 80 नरसिंहपुर में 77 छिंदवाड़ा में 81 बैतूल में 78 हरदा में 78 होशंगाबाद में 82 रायसेन में 75 विदिशा में 74 भोपाल में 66 सीहोर में 82 राजगढ़ में 83 शाजापुर में 82 देवास में 75 खंडवा में 75 बुरहानपुर में 76 खरगोन में 78 बड़वानी में 74 अलीराजपुर झाबुआ में धार में 75 इंदौर में 76 उज्जैन में 76 रतलाम में 82 मंदसौर में 82 नीमच में 82 और आगर मालवा में 82% मतदान हुआ है.
इधर, मतदान शुरू होने के साथ ही कई जगहों पर ईवीएम खराबी के कारण मतदान रोकना पड़ा, जिससे लंबी लाइन लग गई। प्रदेश की राजधानी भोपाल में सुबह करीब पौने नौ बजे करीब 100 मतदान केंद्रों में सुबह ईवीएम में खराबी आई। कुछ समय के लिए कंट्रोल रूम में हड़कंप की स्थिति भी बनी। इससे मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लग गई। चार इमली के मतदान केंद्र पर ईवीएम में आई खराबी की वजह से चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बीएल कांताराव को भी ईवीएम मशीन खराब होने के कारण चार इमली में इंतजार करना पड़ा। मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह को भी इस दौरान इंतजार करना पड़ा। ये शहर का वीआईपी मतदान केंद्र है। यहां पर सभी आईएएस और आईपीएस वोट डालने के लिए आते हैं। भोपाल के कई इलाकों में ईवीएम मशीन में आई खराबी के कारण लोगों को वोट डालने में परेशानी आई। शाहपुरा क्षेत्र में भी ईवीएम खराब होने से वोटिंग 20 मिनट देरी से शुरू हो सकी। बैरसिया विधानसभा के इस्लाम नगर के मतदान केंद्र 149/257 पर भी काफी देर तक मतदान शुरू नही हो सका। पोलिंग बूथ के बाहर मतदान करने वालों की भीड़ जुटी रही, बाद में वोट डालने के लिए मशीनें बदली गई। उत्तर मध्य विधानसभा के कई बूथों पर ईवीएम में खराबी आने से लोग वोट डालने का इंतजार करते नजर आये।
राजधानी के वीवीपीएटी, ईवीएम की दोनों कंट्रोल यूनिट मिलाकर 170 मशीने बदली गई, मतदान में देरी को लेकर नये और पुराने शहर के मध्य, उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में कई मतदान केंद्रों पर हंगामे की स्थिति नजर आई, जहां कई बूथों पर मतदाताओं ने शोर शराबा कर दिया। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में कई बूथों पर ईवीएम मशीन में खराबी को लेकर कांग्रेस के प्रत्याशी पीसी शर्मा धरने पर बैठ गये। वहीं मध्य विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार ने भी कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीन में आई खराबी के कारण दो घंटे देरी से मतदान शुरु होने पर मतदान का समय बढाने की मांग की। वहीं पुराने शहर की उत्तर विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हो गई। बताया गया है कि इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सर्मथक पहुंच चौकसे और राकेश कनौजिया के साथ झूमाझटकी कर दी, जिसे लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही आला अफसरों सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा जिसने स्थिति को नियंत्रण में किया। इस दौरान विवाद की सूचना मिलने पर महापौर आलोक शर्मा, भाजपा प्रत्याशी फातिमा सिद्दकी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गौतम नगर इलाके में पहुंच गये जहां महापौर आलोक शर्मा धरने पर बैठ गये और जमकर नारेबाजी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *