विजय कुमार सिन्हा बिहार विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए, 126 सदस्यों ने पक्ष में किया मतदान

पटना, बिहार में एनडीए उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा अब बिहार विधानसभा के अध्यक्ष होंगे। उन्होंने विरोधी दल के अवध बिहारी चौधरी को हरा दिया है। सदन के 126 सदस्यों ने विजय सिन्हा के पक्ष में वोट दिया। इससे पहले वॉयस वोटिंग में भी विजय सिन्हा की जीत हुई। इसके बाद अब मत विभाजन से अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की गई।
इससे पहले विपक्षी सदस्यों ने वेल में आकर जमकर हंगामा किया। सदन के शुरू होते ही एआईएमआईएम अध्यक्ष अख़तरुल ईमान का बयान आया कि अध्यक्ष पद का चुनाव सर्वसम्मति से हो। इसे प्रोटेम स्पीकर जीतनराम मांझी ने भी सराहा। लेकिन उन्होंने कहा कि इसका फ़ैसला सदन के माननीय विधायक लेंगे। इसके बाद चुनाव की प्रक्रिया पूरी की गई।
सदन में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ये सरकार नैतिकता की बात क्यूं कर रही है। ये सरकार भी चोरी से आई है। इसके बाद जीतनराम मांझी ने तेजस्वी यादव को बयान देने से रोक दिया। प्रोटेम स्पीकर जीतनराम मांझी ने कहा कि अध्यक्ष पद का चुनाव हो। फिर मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई। विपक्षी दलों के सदस्यों ने सदन में नीतीश कुमार की मौजूदगी का विरोध किया, जिस पर मांझी ने कहा कि उनकी उपस्थिति की गिनती नहीं हो रही है। गौरतलब है कि नीतीश कुमार विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। वे विधान परिषद के सदस्य हैं। मांझी ने सदन को यह भी बताया कि नीतीश कुमार विधायक दल के नेता की हैसियत से सदन में उपस्थित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *