कांग्रेस के वचन पत्र में किसान कर्जमाफी और बिजली बिल आधा करने का वादा

भोपाल,प्रदेश की 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने वचन पत्र का फिर से विमोचन किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और सुरेश पचौरी समेत कांग्रेस के कई सीनियर लीडर मौजूद थे। बता दें कि 28 सीटों के लिए कांग्रेस ने अलग-अलग वचन पत्र भी जारी किए हैं। इस वचन पत्र में पहले राहुल गांधी की फोटो नहीं थी जिसके बाद कांग्रेस से इसे दोबारा जारी किया है। इस बार के वचन पत्र में राहुल गांधी की फोटो को भी शामिल किया गया है। कांग्रेस के वचन पत्र में एक बार फिर से किसान कर्जमाफी की बात कही गई है।
कांग्रेस के वचन पत्र में 52 नए वचन हैं। इनमें मुख्य रूप से किसान कर्ज माफी, बिजली बिल हाफ, किसान बिल लागू नहीं करने की बात कही गई है। कमल नाथ ने कहा कि हमने 2018 में जो वचन दिए थे उनमें से 574 वचन पूरे किए हैं।
भाजपा ने 7 महीने में सिर्फ लोकार्पण, शिलान्यास किया
कमलनाथ ने कहा कि कोरोना से जिन परिवारों में मौत हुई हैं, उन्हें पेंशन, नौकरी देंगे। तीन साल का नक्शा बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मप्र का भविष्य चौपट किया। जनता जानती है कि उपचुनाव क्यों हो रहे हैं। नवंबर 2018 में जनता भाजपा को घर बैठा चुकी है, तो फिर उपचुनाव में अपना फैसला क्यों बदलेगी। भाजपा ने 7 महीने में सिर्फ लोकार्पण, शिलान्यास के काम किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपुचनाव में 4 दिन से सक्रिय हुई है और भाजपा के नेता बौखला गए हैं। जबकि ये सात महीने से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके पास जनता के बीच कुछ कहने को नहीं है, इसलिए ये उपचुनाव में जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। शिवराज को मुख्यमंत्री के रूप में 15 दिन और काटने हैं। फिर जतना इन्हें वापस भेज देगी।
ये तो 115 परसेंट हैं
इस दौरान पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- उपचुनाव में जनता अब शिवराजजी के चुंगल में नहीं आएगी। इस बार जनता उनसे सिर्फ मुंह नहीं मोड़ेगी बल्कि उन्हें तमाचा मारेगी। अकेले प्रचार में दिखाई देने पर कमल नाथ ने कहा- ऐसी बात नहीं है मैं कोई सुपर स्टार नहीं हूं बल्कि मैं कोई स्टार ही नहीं हूं। स्टार तो शिवराज सिंह चौहान हैं जिन्हें मुम्बई जाना चाहिए वो तो एक्टिंग में शाहरुख खान को भी डूबो देगें। इनका चुनाव प्रचार तो बीते 7 महीने से चल रहा था हमने अभी 4 दिन से शुरू किया और ये चार दिन के ही बौखला गये। कमलनाथ ने कहा- ये मुझे मिस्टर 15 फीसदी कहते हैं ये तो 115 परसेंट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *