आईपीएल में RR के खिलाफ एबी डी विलियर्स के अर्धशतक से RCB ने 7 विकेट से जीता मैच

दुबई,आईपीएल 20 – 20 के एक लीग मैच में रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 177 रन बनाए जवाब में बेंगलुरु ने 19.4 ओवर में 3 विकेट पर 179 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
बेंगलुरु की जीत के शिल्पकार रहे प्लेयर ऑफ द मैच एबी डी विलियर्स। उन्होंने नाबाद 55 रन की पारी में 22 गेंदें खेली। एक चौका और 6 छक्के लगाए।
178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे बेंगलुरु का पहला विकेट चौथे ओवर में 23 रन पर गिरा जब एरेन फिंच को श्रेयस गोपाल की गेंद पर रॉबिन उथप्पा ने कैच कर लिया। वह 11 गेंदों में 2 छक्के की सहायता से 14 रन बनाकर आउट हुए। किंतु इसके बाद राजस्थान विकेट के लिए तरस गया। 13वें ओवर में देवदत्त पादिक्कल को राहुल तेवतिया ने बेन स्टोक्स के हाथों कैच करा दिया। पादिक्कल ने धीमा खेलते हुए 37 गेंदों में दो चौके की सहायता से 35 रन का योगदान दिया। दूसरे छोर पर एबी डिविलियर्स का तूफान जारी था। कप्तान कोहली भी आज तेज खेल रहे थे। उन्होंने 32 गेंदों में 1 चौके और दो छक्के की सहायता से 43 रन बनाए। किंतु कार्तिक त्यागी की एक गेंद को उठाकर मारने के चक्कर में राहुल तेवतिया द्वारा कैच कर लिए गये। इसके बाद डिविलियर्स के साथ आए गुरप्रीत सिंह मान ने 17 गेंदों में एक चौके की सहायता से 19 रन का योगदान दिया और 2 गेंद शेष रहते 179 रन बनाकर बेंगलुरु ने 7 विकेट से मैच जीत लिया। राजस्थान रॉयल्स के लिए श्रेयस गोपाल, कार्तिक त्यागी और राहुल तेवतिया ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले राजस्थान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया। ओपनर रोबिन उथप्पा और बेन स्टोक्स ने पहले विकेट के लिए 5।4 ओवर में 50 रन की साझेदारी की। उथप्पा तेज खेल रहे थे लेकिन स्टोक्स बहुत धीमे थे। उन्होंने 19 गेंदों में दो चौके की सहायता से मात्र 15 रन बनाए और क्रिस मॉरिस की गेंद पर एबी डी विलियर्स को कैच दे बैठे। उथप्पा भी दो ओवर बाद यूज़वेंद्र चहल की गेंद पर एरन फिंच द्वारा लपक लिए गए। उन्होंने 22 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की सहायता से 41 रन बनाए। संजू सैमसन आज नहीं चले और 6 गेंदों में 9 रन बनाकर चहल की गेंद पर क्रिस मॉरिस द्वारा लपक लिए गए। जोस बटलर ने 25 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। बटलर को क्रिस मॉरिस की गेंद पर नवदीप सैनी ने कैच किया। राजस्थान के लिए सर्वाधिक रन स्टीव स्मिथ ने बनाए उन्होंने 36 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की सहायता से 57 रन की पारी खेली। उन्हें क्रिस मॉरिस की गेंद पर शाहबाज अहमद ने कैच कर लिया। राहुल तेवतिया 11 गेंदों में 1 चौके और एक छक्के की सहायता से 19 रन बनाकर नाबाद रहे। जोफ्रा आर्चर ने 2 रन का योगदान दिया। उन्हें क्रिस मॉरिस ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेट खोकर 177 रन बनाए।
बेंगलुरु के लिए क्रिस मॉरिस ने चार विकेट लेकर बेहद किफायती गेंदबाजी की। यूज़वेंद्र चहल को दो विकेट मिले।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *