भोपाल, मध्यप्रदेश में चार दिन फिर बारिश के आसार बन रहे हैं क्योंकि एक बार फिर बंगाल की खाड़ी में कम दवाब का क्षेत्र बन रहा है। वर्तमान में बारिश का क्रम थमने से दिन का तापमान बढ़ने लगा है। वातावरण में नमी बरकरार रहने से उमस बेचैन करने लगी है। मौसम विज्ञानियों ने 20 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की बात कही है। इससे चार दिन बाद फिर बरसात का दौर शुरू होने की उम्मीद है। इसके पहले दिन में तापमान बढ़ने पर शहर में शाम के समय कुछ बौछारें पड़ सकती हैं। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री दर्ज हुआ। जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। यह बुधवार के अधिकतम तापमान(33.5) के मुकाबले 1.2 डिग्री अधिक भी रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री दर्ज हुआ। जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वर्तमान में उप्र से दक्षिण-पूर्वी मप्र तक एक द्रोणिका लाइन (ट्रफ)बनी हुई है। इससे लगातार नमी मिल रही है। तापमान बढ़ने की वजह से वातावरण में उमस बढ़ रही है। शुक्ला के मुताबिक तापमान बढ़ा हुआ रहने से शहर में शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना अभी बनी रहेगी। 20 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बनेगा। हिमालय की तराई में पहुंच गई मानसून द्रोणिका के फिर वापस लौटने की संभावना है। इस वजह से 21-22 सितंबर को बारिश का एक और दौर फिर शुरू होने के आसार हैं। गौरतलब है कि जिले में गुरुवार सुबह तक 1188.5 मिमी. बरसात हो चुकी है। जो सामान्य (915.6मिमी.) से 30 फीसद अधिक है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बरसात होने के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा है और कई पुल पुलिया बरसात के पानी में बह चुके हैं। वहीं प्रदेश के कुछ क्षेत्र ऐसे भी है जहां अभी तक भरपूर बरसात नहीं हो पाई है।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दवाब का क्षेत्र, चार दिन बाद मप्र में फिर बारिश के आसार