इन्दौर में 81 साल के बुजुर्ग ने कोरोना को हराया, अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटे

इन्दौर,कोरोना महामारी से जूझ रहे इन्दौर में शनिवार को हौंसला बढ़ाने वाली खबर आई। शहर के 81 साल के बुजुर्ग गेंदालाल नागर ने इस महामारी को पराजित कर दूसरों को भी हिम्मत बंधाई। शनिवार शाम 5 बजे गेंदालाल नागर सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ हुए लोग अरविंदो अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर लौटें।
नागर को बुखार होने पर 24 अप्रेल को जांच कराई गई, जिसमें गंभीर निमोनिया निकला। यलो श्रेणी के अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉक्टर अंकुर अग्रवाल से चर्चा के बाद उन्हें यलो श्रेणी के अस्पताल में भर्ती कराया गया और अगले दिन ही कोरोना की जांच कराई गई। नागर ने बताया कि टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मैंने हौंसला नहीं हारा। जीवन में हमेशा स्वस्थ्य दिनचर्या अपनाने के कारण मुझे अंदर से यकीन था कि मैं इस बीमारी से भी ऊबर जाऊंगा। मेरे 81 साल के जीवन में यह पहला मौका था जब मुझे डॉक्टर की सुई चुभाई गई। यहां अस्पताल में डॉक्टर और अन्य मेडिकल स्टाफ सभी का अच्छे से ध्यान रखते हैं। मैं सभी को धन्यवाद देता हूँ। प्रशासन ने भी बहुत अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
:: डरे नहीं, न भ्रम फैलाएं : नागर
डाक विभाग से सेवानिवृत्त नागर ने बताया कि लोग रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डर जाते हैं जबकि यह हिम्मत रखने का समय होता है। आप हिम्मत रखें, क्योंकि यही मनोबल बीमारी से जल्दी ठीक होने में मददगार है। हमारे डाक्टर और मेडिकल टीम बहुत अच्छा काम कर रही है। मैं एक बात और कहना चाहता हूं कि ऐसे समय में कई लोग भ्रम फैला रहे हैं जो गलत है। यह वक्त समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *