नई दिल्ली,कर्ज में डूबी अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप के स्वामित्व वाली कंपनी रिलायंस इन्फ्रा से उनके बेटों ने इस्तीफा दे दिया है। पिछले साल अक्टूबर में ही अनिल अंबानी के बेटों जय अनमोल अंबानी और जय अंशुल अंबानी को कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल किया गया था। महज 6 महीनों के अंदर ही दोनों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी की ओर से 31 जनवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को लिखे खत में यह जानकारी दी गई है।
दोनों के इस्तीफे की खबर के बाद से कंपनी के शेयरों में और गिरावट आई है। कंपनी के शेयरों में सोमवार को 5 फीसदी की गिरावट आई है। कंपनी की ओर से इस्तीफे के कारणों या फिर दोनों भाईयों की भविष्य की भूमिका को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। रिलायंस इन्फ्रा से जुड़ने से पहले भी अनिल अंबानी के बड़े बेटे अंशुल ग्रुप की फाइनेंशियल सर्विस कंपनी रिलायंस कैपिटल में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर काम देख रहे थे। अगस्त, 2016 में ही ग्रुप का हिस्सा बनने वाले छोटे बेटे अनमोल को रिलायंस इन्फ्रा के डिफेंस प्रोजेक्ट्स को देखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
बता दें कि रिलायंस इन्फ्रा पहले ही 6,000 करोड़ रुपए के कर्ज के संकट से जूझ रही है। ऐसे में अनिल अंबानी के दोनों बेटों के अचानक इस्तीफे की खबर से निवेशकों का भरोसा और कम होने की आशंका है। बीते 4 महीनों में रिलायंस इन्फ्रा के शेयरों में 28 फीसदी की कमी आई है। यही नहीं पिछले एक साल की बात करें तो कंपनी के शेयरों में 91 फीसदी की बड़ी गिरावट आई है।
अनिल अंबानी के दोनो बेटों अनमोल और अंशुल ने रिलायंस इन्फ्रा के बोर्ड से दिया इस्तीफा