अलीगढ़ एवं सहारनपुर में तनाव, इंटरनेट सेवाएं बंद, सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क

अलीगढ़, नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ पूर्वोत्तर की सुलगी आग की तपिश ने पूरे देश में पारा गर्म कर दिया है और हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। राजधानी दिल्ली में तनावपूर्ण माहौल के बीच यूपी के अलीगढ़ और सहारनपुर में भी स्थिति नाजुक बनी हुई है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रों और पुलिस के बीच हुए झड़प के बाद से ही स्थिति यहां तनावपूर्ण है। वहीं, चिंगारी अब सहारनपुर तक पहुंच गई है। वहां भी किसी भी तरह की आशंका को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है। अगले आदेश तक अलीगढ़ और सहारनपुर में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। डीजीपी ओपी सिंह ने कहा, ‘एएमयू कैंपस में शांति है और हालात सामान्य हैं। यूनिवर्सिटी कैंपस के आसपास आरएएफ और पीएसी को तैनात किया गया है।आज रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।’ अलगीढ़ में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए यूनिवर्सिटी को भी 5 जनवरी 2020 तक बंद कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा गया है कि बीते तीन दिनों से विवि में असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल खराब करने के कोशिश की गई है, जिसे देखते हुए विवि को 5 जनवरी तक बंद किया गया है।
उधर, सहारनपुर के डीएम ने कहा, ‘कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं 15 दिसंबर की रात 12 बजे से अगले आदेश तक स्थगित रहेंगी।’ उधर, भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने ट्वीट कर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। उन्होंने लिखा, ‘हमारे जिन साथियों को पुलिस ने अरेस्ट किया था। उन सभी को रिहा कर दिया गया है। हमारे संघर्ष की जीत हुई है कल शाम को इंडिया गेट पर मिलते है।’ ज्ञात हो कि अलीगढ़ मुस्लिम विवि में रविवार शाम छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद यहां तनाव की स्थिति बन गई थी। झड़प के दौरान हुए पथराव में अलीगढ़ के डीआईजी समेत कुछ अन्य लोग घायल हुए थे। इसके बाद तत्काल आगरा जोन के एडीजी समेत तमाम शीर्ष अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। साथ ही अस्थायी रूप से यहां इंटरनेट सेवाओं पर भी रोक लगाई गई। उधर, दिल्ली में रविवार रात हुई जबरदस्त हिंसा के बाद हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिए गए जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी के 50 छात्रों को आज सुबह रिहा कर दिया गया। बता दें कि रविवार को विरोध-प्रदर्शन के दौरान आगजनी, तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने छात्रों को हिरासत में ले लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *