स्वामी चिन्मयानंद पर रेप का आरोप लगाने वाली लॉ छात्रा को एसआईटी ने गिरफ्तार किया

शाहजहांपुर, पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री चिन्मयानंद पर रेप और यौन शोषण का आरोप लगाने वाली लॉ छात्रा को स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता पर उसके दोस्तों के साथ मिलकर चिन्मयानंद से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप है। इस मामले में पीडिता के तीन दोस्त संजय, विक्रम और सचिन को एसआईटी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को एसआईटी ने पीड़िता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। आज सुबह पुलिस पीड़ित छात्रा को चौक कोतवाली लेकर पहुंची। जहां से गिरफ़्तारी के बाद मेडिकल के लिए जिला अस्पताल लेकर गई है। बताया जा रहा है कि मेडिकल के बाद पीड़ित छात्रा को कोर्ट में एसआईटी पेश करेगी।
गौरतलब है कि मंगलवार को ही पीड़ित छात्रा ने गिरफ़्तारी से बचने के लिए एडीजे प्रथम कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की थी। कोर्ट उसकी इस याचिका पर सुनवाई 26 सितम्बर को करेगी। यौन शोषण और ब्‍लैकमेलिंग मामले की जांच कर रहे एसआईटी प्रमुख नवीन अरोड़ा के मुताबिक, चिन्मयानंद को ब्लैकमेल करने के मामले में पीड़ित छात्रा की भी संलिप्तता मिली है। साक्ष्य मिलने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले पीड़ित छात्रा ने सोमवार को गिरफ़्तारी पर रोक लगाने को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में अर्जी दी थी। कोर्ट ने पीड़ि‍ता की याचिका को खारिज करते हुए निचली अदालत में अर्जी देने को कहा था। बता दें कि बीते 10 सितंबर को चिन्मयानंद के मालिश कराते हुए 16 वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए थे। उसके तुरंत बाद एक और वीडियो जारी हुआ था, जिसमें लॉ छात्रा, उसका दोस्त संजय सिंह के साथ कुछ और लोग दिखे थे। ये सभी लोग कहीं जा रहे थे और गाड़ी में आगे बैठा शख्स छात्रा और संजय सिंह को रुपए मांगने को लेकर फटकार लगा रहा था। इस वीडियो में बहुत कुछ ऐसा था, जिससे लग रहा था कि चिन्मयानंद से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने में इन्हीं लोगों का हाथ है। जांच के तहत एसआईटी को यह वीडियो भी सौंपा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *