मुंबई, दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बैंक और वाहन कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हावी रहने से बुधवार को मुम्बई शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक ‘सेंसेक्स’ कारोबार के दौरान एक समय 586 अंक की गिरावट में था। कारोबार के बंद होने पर यह 503.62 अंक करीब 1.29 फीसदी फिसलकर 38,593.52 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का निफ्टी भी 148 अंक करीब 1.28 फीसदी गिरकर 11,440.20 अंक पर बंद हुआ। भारतीय स्टेट बैंक, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, येस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, वेदांता, हीरो मोटोकॉर्प, टाटा स्टील और एलएंडटी में 7.37 फीसदी तक की गिरावट रही। इनके अलावा पावरग्रिड, टीसीएस, एनटीपीसी, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 4.39 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। अमेरिका में राजनीतिक क्षेत्र में अनिश्चितता, अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध तथा वैश्विक आर्थिक नरमी के कारण शेयर बाजारों पर दबाव रहा। वहीं एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने वैश्विक नरमी को देखते हुए चालू वित्त वर्ष में भारत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान घटाकर 6.50 फीसदी कर दी है
इन्हें हुआ लाभ
पावर ग्रिड कॉर्प, टीसीएस, एनटीपीसी, आईओसी, अदानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक, एचयूएल
इन्हें हुआ नुकसान
एसबीआई, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, यस बैंक, आयशर मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा
बैंक और वाहन कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 503.62 नीचे आया