एमपी में निवेश करने वाले सभी उद्योगों को पूरी सुविधाएं दी जाएँगी

इन्दौर, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहां है कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश की अपार संभावना है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए बेहतर वातावरण बनाया जा रहा है। यहां पर पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए अगले अक्टूबर माह में मैग्नीफिसेंट इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि मध्यप्रदेश में वास्तविक रूप से औद्योगिक निवेश हो, जिससे यहां की आर्थिक उन्नति के साथ युवाओं को रोजगार भी मिले। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आह्वान किया कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश किया जाए। प्रदेश में निवेश करने वाले सभी उद्योगों को पूरी सुविधाएं एवं सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री कमलनाथ आज इन्दौर में सीआईआई द्वारा आयोजित लीडरशिप कानक्लेव को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहां की आज अर्थव्यवस्था सबसे बड़ा मुद्दा है। हमें प्रदेश की आर्थिक उन्नति और निवेश को बढ़ावा देने के लिए विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा तो यहां की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा युवाओं को नौकरी के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि तकनीकी में दिन-प्रतिदिन तेजी से बदलाव आ रहा है। तकनीकी के कारण जीवनशैली भी बदल रही है। उद्योग एवं व्यवसायओं को भी तकनीकी के दौर में बदलाव के अनुरूप अपने आप को तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर आधारित है। यहां की आर्थिक गतिविधि भी कृषि आधारित है। उन्होंने किसानों को परंपरागत खेती के बजाय आधुनिक खेती की तकनीक से जोड़ने की बात पर भी जोर दिया। उन्होंने मध्यप्रदेश में उद्यानिकी तथा कृषि आधारित खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर भी बल दिया और इसकी जरूरत बताई ।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए पर्याप्त प्राकृतिक संसाधन और सुविधाएं हैं, इसको दृष्टिगत रखते हुए वास्तविक रूप से निवेश की जरूरत है। उन्होंने प्रदेश के उद्योगपतियों और व्यापारियों से कहा कि वह मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए ब्रांड एंबेसडर बन कर कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *