UP में सभी स्टेडियमों के लिये प्रवेश कार्ड व ड्रेस कोड लागू किया जायेगा

बलिया, प्रदेश के खेलकूद व युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी ने शनिवार को ऐलान किया कि प्रदेश में ‘खेलकूद नीति’ बनायी जाएगी और सूबे के सभी स्टेडियमों के लिये प्रवेश कार्ड व ड्रेस कोड लागू होगा। तिवारी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार वह कार्य कर रही है, जो पहले नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में खेलकूद की नीति बनेगी। तिवारी ने हालांकि खेलकूद नीति के प्रारूप की विस्तृत जानकारी देने से फिलहाल इंकार किया लेकिन दावा किया कि खेलकूद नीति लागू कर उत्तर प्रदेश को खेलकूद व फिटनेस के मामले में देश में अग्रणी राज्य बनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि सूबे के स्टेडियमों में केवल खिलाड़ियों का ही प्रवेश हो, यह सुनिश्चित करने के लिए स्टेडियम में प्रवेश करने वाले खिलाड़ियों का पंजीकरण कराकर उनको प्रवेश कार्ड दिया जायेगा तथा स्टेडियम के लिये नया ड्रेस कोड लागू किया जायेगा। तिवारी ने कहा कि कि सरकारी संरक्षण के अभाव में दम तोड़ चुके पुराने खेल व परम्पराओं कबड्डी, खोखो, तलवारबाजी, गुल्ली डंडा आदि को जीवंत किय जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमाफिया निवारण दस्ते के जरिये सूबे के खेल मैदानों व व्यायामशालाओं से अवैध कब्जे हटाये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *