कर्निवाल रियल्टी ग्रुप ने मप्र में 51 टॉकीजों की स्थापना का दिया प्रस्ताव पहले चरण में 21 स्थानों का चयन

भोपाल, मुंबई के कर्निवाल रियल्टी ग्रुप ने प्रदेश में 51 स्थानों पर जलसा टॉकीज की स्थापना का प्रस्ताव दिया है। पहले चरण में उसने 21 स्थानों का चयन किया है। दूसरे चरण में 30 तहसील मुख्यालयों पर जलसा टॉकीज खोलने का विचार है। पहले चरण के लिए ग्रुप ने राज्य सरकार से जमीन उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया है। इसमें अशोकनगर जिले की चंदेरी तहसील, मुलताई (बैतूल), सेंधवा (बड़वानी), बैरसिया (भोपाल), खजुराहो (छतरपुर), खिरकिया (हरदा), पिपरिया (होशंगाबाद), झाबुआ, कसरावद (खरगोन), मंडला, रायसेन, बीना (सागर), सीधी, लखनादौन (सिवनी), नसरुलागंज (सीहोर), धनपुरी (शहडोल), करैरा (शिवपुरी), शुजालपुर (शाजापुर), उमरिया, गंजबासौदा (विदिशा) और छिंदवाड़ा को शामिल किया गया है। इस ग्रुप ने पहले चरण में तहसील स्तर पर 21 जलसा टॉकीज के लिए जमीन खरीदने या सरकारी जमीन उपलब्ध कराने के लिए सरकार से मदद मांगी है।
मालूम हो कि पहले ग्रामीण इलाकों में मनोरंजन का जरिया सिर्फ फिल्में हुआ करती थीं और लोग टॉकीज में फिल्में देखा करते थे, लेकिन टेलीविजन और फिर शॉपिंग मॉल के दौर में एक-एक कर टॉकीज बंद होते गए। अब कर्निवाल ग्रुप ने छिंदवाड़ा, विदिशा, सीहोर, सिवनी, रायसेन, सागर, होशंगाबाद और छतरपुर जैसे कई छोटे शहरों का चयन किया है, जहां वह जलसा टॉकीज बनाने जा रहा है। पुराने समय की तर्ज पर ही सिंगल या डबल स्क्रीन जलसा टॉकीज बनेंगे। ग्रुप ने सरकारी मदद के बदले 10 हजार प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया है। मुख्यमंत्री सचिवालय को प्रस्ताव मिलने के बाद जमीन चयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। कर्निवाल रियल्टी ग्रुप द्वारा सौंपे गए प्रस्ताव के मुताबिक जलसा टॉकीज के साथ एक छोटा-सा सुपर मार्केट भी बनाया जाएगा। इसके साथ मनोरंजन की वे सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिसमें युवा से लेकर बुजुर्ग सभी वर्ग के लोग आनंद ले सकेंगे। इसे एक तरह से छोटे शहरों के लिए शॉपिंग मॉल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिसमें खाने-पीने की सुविधाएं भी होंगी। यह भी दावा किया गया है कि इन जलसा टॉकीज के टिकट मध्यम वर्ग के अनुकूल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *