छत्तीसगढ़ में दस सीटों पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस को बढ़त

रायपुर, विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त खाने के बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा अपना पिछला प्रदर्शन दोहराने के संकेत दे रही है। राज्य की 11 सीटों में से दस सीटों पर वह दोपहर बाद तक बढ़त बनाये हुए थी, जबकि दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, रायगढ़ जैसी सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशियों के मुकाबले भारी भरकम बढ़त बनाये हुए थे। आरंभ से भाजपा के नौ प्रत्याशी आगे चल रहे थे लेकिन दोपहर बाद भाजपा की बढ़त दस सीटों पर पहुंच गई। कांग्रेस केवल बस्तर में आरंभ से ही बढ़त कायम रखती नजर आई। जहां उसके प्रत्याशी ने रुझान में बदलाव नहीं आने दिया। जबकि कांग्रेस के महासमुंद प्रत्याशी आरंभ से आगे रहते हुए दोपहर बाद पिछड़ गये। दुर्ग से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने दोपहर तक एक लाख 38 हजार से अधिक मतों की निर्णायक बढ़त बना ली थी तो भाजपा के रायपुर प्रत्याशी सुनील सोनी भी बढ़त में एक लाख का आंकड़ा स्पर्श करते नजर आये। भाजपा की सरगुजा प्रत्याशी रेणुका सिंह एक लाख 20 हजार की बढ़त दोपहर तक बनाये हुए थीं। भाजपा की रायगढ़ प्रत्याशी गोमती साय 43 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहीं थीं इसी तरह बिलासपुर से भाजपा प्रत्याशी अरुण साव भी 41 हजार मतों से आगे चल रहे थे। जांजगीर-चांपा भाजपा प्रत्याशी गुहाराम अजगले, कोरबा भाजपा प्रत्याशी ज्योतिनंद दुबे भी बढ़त बनाये हुए थे। महासमुंद में उलटफेर करते हुए भाजपा प्रत्याशी चुन्नीलाल साहू ने दोपहर बाद 18 हजार मतों की बढ़त लेकर कांग्रेस के धनेन्द्र साहू को पीछे छोड़ दिया। पिछले लोकसभा चुनाव में दुर्ग छोड़कर शेष सभी दस सीटें जीतने वाली भाजपा ने इस बार भी दस का दम दिखाने के संकेत दे दिये हैं। इस बार बस्तर सीट कांग्रेस के खाते में जाने के आसार हैं। जहां उसके प्रत्याशी दीपक बैज तेईस हजार मतों की बढ़त बनाये हुए थे। इस तरह दोपहर बाद की स्थिति में भाजपा अपना पिछला प्रदर्शन दोहराती दिखाई पड़ रही थी तो वहीं कांग्रेस भी पिछले रिकॉर्ड की तरह एक की संख्या पर सिमटती नजर आ रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *