जबलपुर, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में कांग्रेस की सरकार बनने पर सबसे पहले राफेल खरीदी मामले की जांच होगी। कोई नहीं बचेगा। दो नाम सामने आयेंगे। नरेन्द्र मोदी और अनिल अंबानी। उन्होंने कहा कि न्यूनतम आय योजना देश की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह बदल देगी। देश के पांच करोड़ गरीब परिवार के खाते में हर महीने छह हजार रूपये यानि साल में 72 हजार रूपये और पांच साल में तीन लाख साठ हजार रूपये आ जायेंगे। यह पैसा उन खातों में जायेगा जो खाते नरेन्द्र मोदी ने खुलवाये थे। यह पैसा परिवार की उन महिलाओं के खाते में जायेगा, जिन्हें नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी के समय बैंकों की लाइन में खड़ा कर दिया था। गांधी आज जबलपुर के सिहोरा में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
गांधी ने कहा नरेन्द्र मोदी आपसे झूठ बोला। कहा था हर आदमी की जेब में 15 लाख रूपये आयेंगे लेकिन नहीं आये, उल्टे नोटबंदी में बचत के पैसे भी बाहर निकल गये। देश के प्रधानमंत्री ने रसोई गैस की कीमत दोगुनी कर दी। कैरोसीन की सब्सिडी बंद कर दी। देश के सबसे अमीर लोग बैंक का कर्जा न चुकाने के बाद भी बाहर घूम रहे हैं और गरीब किसान कर्जा न चुकाने पर जेल की हवा खा रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि देश में पांच साल अन्याय की सरकार रही। यह अन्याय माता-बहनों, किसानों, युवाओं और बेरोजगारों के साथ हुआ। हमारी सरकार अर्थव्यवस्था को नष्ट किये बिना सबसे गरीब लोगों के खाते में पैसा जमा करेगी। मैं नरेन्द्र मोदी को चुनौती देता हूं कि वे मुझसे किसी भी समय और कहीं पर भी भ्रष्टाचार पर बहस कर लें। वे बहस के लिये सामने आयें, दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा। बहस में 20 मिनिट लगेंगे, वे देश को चेहरा नहीं दिखा पायेंगे। वे बहस नहीं करेंगे, क्योंकि वे जबाव देने से डरते हैं। मैंने संसद में मोदी जी से सिर्फ चार सवाल पूछे थे लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया और आंख भी नहीं मिला पाये।
गांधी ने कहा कि मोदी जी ने कहा था कि दो करोड़ युवाओं को रोजगार दूंगा, लेकिन 27 हजार युवाओं की रोज नौकरी जा रही है। देश में 22 लाख सरकारी पद खाली हैं। एक साल के अंदर उन्हें भर दिया जायेगा। दस लाख लोगों को तो केवल पंचायतों में नौकरी दी जा सकती है। नोटबंदी ने पूरी अर्थ व्यवस्था को चैपट कर दिया। लोगांे ने सामान खरीदना बंद कर दिया, फैक्ट्रियों में माल बनना बंद हो गया। लेकिन न्याय योजना शुरू होने पर लोग बाजार से सामान खरीदेंगे और फैक्ट्रियां दोबारा माल बनायंेगी, जिससे लोगों को फिर से नौकरी मिलेगी।
गांधी ने कहा कि राफेल विमान यदि हिन्दोस्तान में बनता तो उसमें लगने वाले बम जबलपुर के सुरक्षा कारखाने में बनते और एक लाख लोगों को रोजगार मिलता। लेकिन 5 लाख 55 हजार करोड़ रूपये चौकीदार ने 15 बड़े लोगों को दे दिये और गरीबों को कुछ नहीं मिला। कोई भी व्यक्ति चाहे वह देश का प्रधानमंत्री क्यों न हो सच्चाई से नहीं बच सकता और सच्चाई सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि यहां कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी विवेक तन्खा ही जबलपुर की तस्वीर को बदल सकते हैं। राहुल गांधी ने इसके पूर्व शहडोल में भी चुनावी सभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हम जबलपुर का उपेक्षित इतिहास बदलना चाहते हैं। कांग्रेस सरकार को काम करने के लिये केवल 75 दिन मिले हैं, उसके बाद आचार संहिता लग गयी। इस दौरान हमने अपनी नियत और नीतियों का परिचय दिया है। तिजोरी खाली मिली थी फिर भी बैंकों से बात करके किसानों का कर्जा माफ किया। अभी तक 21 लाख किसानों का कर्जा माफ हो चुका है। आचार संहिता के बाद और 35 लाख किसानों का कर्जा माफ होना है। किसानों की कर्जा माफी के लिये हम वचनबद्ध हैं। हमने बिजली बिल हाफ किया, सौ यूनिट तक बिजली मुफ्त मंे दी। पेंशन तीन सौ रूपये से छह सौ रूपये की। कन्याओं की शादी के लिये सहायता राशि 51 हजार रूपये की। यही हमारी नियत और नीति है।
कमलनाथ ने कहा कि मोदी जी ने पांच साल और शिवराजसिंह ने 15 साल झूठ बोला है। मोदी जी ने नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। अच्छे दिन तो बीजेपी के नेताओं के आये। जिनके पास साइकिल नहीं थी वे कारों से घूम रहे हैं। प्रदेश में 6 सौ करोड़ का वृक्षारोपण घोटाला हुआ। मोदी ने गंगा तो साफ नहीं की, बैंकों को जरूर साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि भोपाल में कांग्रेस के साथ-साथ जबलपुर की भी सरकार है। हमने हर वचन को पूरा किया है, अब एक नयी क्रांति लायेंगे।
विवेक तन्खा ने कहा कि 15 साल से जबलपुर के सांसद जनता की हर समस्या का उत्तर एक ही वाक्य में देते हैं कि ‘‘यह मेरा विषय नहीं है।’’ पिछले 25-30 साल से यहां कुछ काम नहीं हुआ। जो पिछले सालांे में नहीं हुआ वह हम पांच साल में करके दिखायेंगे। दिग्विजयसिंह के समय सिहोरा को जिला बनाने का नोटिफिकेशन हुआ था, लेकिन आज तक यह जिला नहीं बना। पांच साल पहले सौ बिस्तरांे वाला अस्पताल यहां बना था, लेकिन न डाॅक्टर हैं न ही नर्सें। सिहोरा में 25 साल से फ्लाई ओवर की मांग हो रही है लेकिन नहीं बना। हमने एक यूथ मैनीफेस्टो बनाया है। तीन लाख महिलायें हैं जो जबलपुर क्षेत्र में गारमेंट का काम करती हैं, उनकी आय तीन हजार करोड़ रूपये की जायेगी।
केंद्र में सरकार बनने पर सबसे पहले होगी राफेल खरीदी की जांच – राहुल गांधी