LS चुनाव के तीसरे चरण में 63.24 % वोट पड़े, हिंसा के चलते बंगाल और केरल में 7 लोगों की जान गई

नई दिल्ली,लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 63.24 फीसदी वोटिंग हुई। छिटपुट हिंसा के अलावा मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदान के दौरान विभिन्न कारणों से बंगाल में एक और केरल में सात लोगों की मौत हो गई।
चुनाव आयोग के रात्रि आठ बजे तक जारी आकड़ों के अनुसार तीसरे चरण में असम में 78.29 फीसदी, बिहार में 59.97 फीसदी, गोवा में 71.09 फीसदी, गुजरात में 60.21 फीसदी, जम्मू कश्मीर में 12.86 फीसदी, कर्नाटक में 64.14 फीसदी, केरल में 70.21 फीसदी, महाराष्ट्र में 56.57 फीसदी वोटिंग हुई। इसके अलावा ओडिशा में 58.18 फीसदी, त्रिपुरा में 78.52 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 57.74 फीसदी, पश्चिम बंगाल में 79.36 फीसदी, छत्तीसगढ़ में 65.91 फीसदी, दादरा और नगर हवेली में 71.43 फीसदी, दमन और दीव में 65.34 फीसदी वोटिंग हुई। वैसे तो मतदान शातिपूर्ण तरीके से हुए लेकिन पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा की भी खबरें आईं। वहां एक व्यक्ति की मौत की खबर है। वहीं यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ईवीएम में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
उधर केरल में अलग-अलग पोलिंग बूथों पर सात लोगों की मरने की खबर है। इसमें एक व्यक्ति ने वोटर लिस्ट से अपना नाम गायब देखा तो उसे हार्ट अटैक आ गया। वहीं एक अन्य व्यक्ति मरार वेणुगोपाल वोट डालने के बाद घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। 65 साल के विजय की कन्नूर जिले में चोकली रामविलासम पोलिंग बूथ के बाहर, 66 साल के चाको मथाई की पतनमथिट्टा जिले के पेज़ुमपरा में और थ्रेस्य कुट्टी की एर्णाकुलम में मौत हो गई।
इसके अलावा मरने वालों में कोल्लम किलिकोल्लूर स्कूल पोलिंग बूथ पर वोट करने आए मणि, तालिपरंबा के रहने वाले वेणुगोपाल मरार, वायनाड आदिवासी कॉलोनी के बालन और मावेलिक्करा के प्रभाकरन शामिल हैं। मणि की मौत उस वक्त हो गई जब उसे पता चला कि वोटर लिस्ट में उसका नाम नहीं है। अलप्पुझा में एक पोलिंग बूथ पर पोलिंग ऑफीसर को दौरे पड़ने लगे, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
– कन्नूर में VVPAT मशीन से निकला सांप
केरल में कन्नूर निर्वाचन क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर उस समय अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई जब वीवीपीएटी मशीन से अचानक सांप निकल आया और मतदान कुछ समय के लिए बाधित हो गया। मय्यिल कंडक्काई में एक मतदान केंद्र पर वीवीपीएटी मशीन से एक छोटा सांप बाहर निकला जिसके कारण अधिकारी और मतदाता घबरा गए। हालांकि सांप को जल्द ही वहां से हटा दिया गया और मतदान केंद्र पर मतदान कुछ समय बाधित रहने के बाद पुन: शुरू हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *