फतेहपुर, कांग्रेस महासचिव एवं पूर्वी उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को दुर्बल बनाकर लोकतंत्र व संविधान को नष्ट करने की साजिश की जा रही है। हम झूठा प्रचार नहीं करते, राहुल भइया ने घोषणा पत्र तैयार करने में एक साल का समय लगाया। उन्होंने शिक्षकों पर लाठी चार्ज का जिक्र करते हुए कहा शिक्षकों को मांगों के लिए प्रदर्शन करने पर पिटवाया जाता है। न्याय की योजना पर कहा, गरीब परिवार को 7000 रुपये सालाना मिलेंगे। विपक्षी इस पर आवाज उठाते हैं, पर जिन्होंने 317 हजार करोड़ रुपये पूंजीपतियों का माफ किया है तो किसानों का कर्ज क्यों माफ नहीं हो सकता है।
फतेहपुर के औंग में महिलाओं से संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि दोनों पार्टियों (कांग्रेस व भाजपा) का फर्क देखिए फिर ये समझिये कि आपकी भलाई किसमें है, धर्म और जात पाति की बातों में न आइये। कांग्रेस महासचिव ने पीएम मोदी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पांच साल में वाराणसी गए जनसभा कर चले आये। एक भी परिवार के पास पांच मिनट के लिए भी नहीं गए, किसी एक गरीब से उसका हाल पूछ लेते। उन्होंने कहा कि मनरेगा को और मजबूत किया जाएगा, सौ दिन के रोजगार को 150 दिन किया जाएगा। मौजूदा सरकार गांव के रोजगार को बंद करना चाह रही है, उनकी मंशा समझें। जनता को गुमराह कर नेता मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने कहा सरकार ने एक भी वादा नहीं निभाया है। सबका हक सभी को मिलना चाहिए तभी सब आगे बढ़ेंगे।
हम झूठा प्रचार नहीं करते,घोषणा पत्र साल भर में बना अब पूरा होगा हर वचन -प्रियंका गांधी