MP में हवा का रुख बदला, आसमान पर छाये बादल, पूरे प्रदेश में ठंड ने लिया यू टर्न

भोपाल, प्रदेश में आने वाली हवाओं का रुख बदलकर एक बार फिर उत्तरी हो गया है। इसके साथ ही राजधानी सहित पूरे प्रदेश में ठंड ने यू टर्न ले लिया है। राजस्थान पर बने प्रेरित चक्रवात के उत्तरप्रदेश की तरफ खिसक जाने से ऐसा हुआ हैं। सर्द हवाएं चलने से दिन और रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। आज सोमवार को आसमान पर बादल छाये हुए है, बीच-बीच में कभी सूर्यदेव के दर्शन हो रहे हैं।
मौसम विज्ञानियों ने दो दिन बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक दो दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया था। इससे हवाओं का रुख बदलकर दक्षिणी,दक्षिण-पूर्वी हो गया था। साथ ही हवा में नमी आने के कारण कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ी थीं। बादलों की मौजूदगी और नमी बढ़ने से दिन और रात के तापमान काफी बढ़ गए थे। लेकिन शुक्रवार शाम को राजस्थान पर बना सिस्टम उत्तर-पूर्वी उत्तरप्रदेश की तरफ खिसक गया। इससे हवा का रुख बदलकर उत्तरी हो गया। सर्द हवाओं के कारण वातावरण में एक बार फिर सिहरन बढ़ गई। साथ ही दिन और रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी उदय सरवटे ने बताया कि सोमवार से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल होगा। उसके प्रभाव से एक बार फिर दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद तापमान फिर गिरने लगेगा। इस दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। बहरहाल उत्तरी सर्द हवाओं के कारण प्रदेश भर में एक बार फिर लोगों को परेशान कर दिया है। लोग देर रात में घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं। रात होते ही शहर सडकों से लोगों की आवाजाही भी कम होने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *