उन्नाव, जम्मू कश्मीर के पुलवामा में फिदायीन हमले में शहीद हुए उन्नाव जिले के रहने वाले अजीत कुमार आजाद की बेटी ईशा से प्रियंका गांधी ने फोन पर बात की। ईशा ने बताया कि वह भविष्य में डॉक्टर बनना चाहती है। डॉक्टर बनने की बात सुनकर प्रियंका गांधी ने कहा कि हम प्रॉमिस करते हैं कि हम आपकी मदद करेंगे। ईशा ने बताया कि कांग्रेस नेता अन्नू टंडन ने प्रियंका गांधी से बातचीत करवायी। उन्होंने मुझे डॉक्टर बनाने का वादा किया है। वहीं शहीद के पिता प्यारेलाल ने कहा कि प्रियंका गांधी ने जो भरोसा मेरे परिवार के प्रति किया है, जिससे इस दुख की घड़ी में इम लोगों को सदमे से उभरने में सहायता मिलेगी।
उन्नाव कोतवाली क्षेत्र के लोकनगर मोहल्ले में रहने वाले शहीद जवान अजीत कुमार आज़ाद सीआरपीएफ बटालियन 115 में तैनात थे। मां अपने बेटे की तो पत्नी अपने पति की शहादत के बाद गुमसुम सी बैठी रहती हैं। शहीद पिता की बेटी सरकार से कार्रवाई की मांग उठा रही है। उन्नाव के लोक नगर के रहने वाले अजीत कुमार आजाद गुरुवार को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि शहीद जवान रविवार को ही कश्मीर के लिए रवाना हुआ था। लेकिन परिवार वालों को क्या पता था कि उनका भाई, बेटा, पति और पिता अब लौटकर वापस नहीं आएगा। पति की शहादत की खबर सुनते ही पत्नी बदहवास होकर गिर गईं, मां के आंसू रोके नहीं रुक रहे हैं। शहीद जवान के दो बेटियां भी हैं। गौरतलब है कि गुरुवार को सीआरपीएफ का काफिला जम्मू से कश्मीर की ओर जा रहा था। काफिले में करीब 78 गाड़ियां थीं। जिनमें 2500 से ज्यादा जवान मौजूद थे। आतंकियों ने जिस बस को टारगेट बनाया, उसमें 40 से ज्यादा जवान मौजूद थे। जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ने 200 किलो विस्फोटक से लदी गाड़ी को सीआरपीएफ की बस से भिड़ा दिया। जिससे हुए ब्लास्ट में हमारे जवानों के खून से सड़कें लाल हो गईं। इस हमले में सीआरपीएफ के कुल 40 जवान शहीद हो गए।
शहीद अजीत कुमार की बेटी से प्रियंका का डॉक्टर बनने का सपना पूरा कराने का वादा