W V रमन बने महिला क्रिकेट टीम के कोच

मुंबई, बीसीसीआई ने पूर्व ओपनर डब्ल्यू वी रमन को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का नया कोच नियुक्त किया है। उन्हें भारतीय पुरुष टीम के पूर्व कोच गैरी कर्स्टन को गुरुवार को इंटरव्यू के बाद इस पद के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक, बाद में कर्स्टन पर तरजीह देते हुए रमन के नाम पर मुहर लगा दी गई जबकि चयन प्रक्रिया को लेकर प्रशासकों में आपसी मतभेद हैं। बीसीसीआई की तदर्थ समिति में शामिल पूर्व कप्तान कपिल देव, अंशुमन गायकवाड़ और एस रंगास्वामी ने बोर्ड से कर्स्टन और रमन के नामों की सिफारिश की थी। 53 वर्षीय रमन फिलहाल बेंगलुरु में नैशनल क्रिकेट अकैडमी में बल्लेबाजी सलाहकार के तौर पर काम कर रहे हैं। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘कर्स्टन ही बीसीसीआई की एड-हॉक सिलेक्शन कमिटी की पहली पसंद थे लेकिन वह आईपीएल फ्रैंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथ अपना पद छोड़ने को तैयार नहीं हुए।’
सूत्रों की मानें तो उन्हें ऐसा करने के लिए मनाने के प्रयास किए गए। इस पद के लिए 28 आवेदन मिले थे जिसमें से चुने गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। इनमें वेंकटेश प्रसाद, मनोज प्रभाकर, ट्रेंट जॉनस्टन, दिमित्री मास्करेन्हास, ब्रैड हॉज और कल्पना वेंकटाचार शामिल रहे। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, तीन से निजी तौर पर मिलकर साक्षात्कार लिया गया। वहीं कर्स्टन सहित 5 आवेदकों से स्काइप और एक से फोन पर इंटरव्यू लिया गया। कर्स्टन जब कोच थे, तभी भारतीय पुरुष टीम ने 2011 विश्व कप जीता था। वह 2008 से 2011 तक तीन वर्षों के लिए भारतीय टीम के मुख्य कोच रहे। इसके बाद उन्होंने 2011 से 2013 तक साउथ अफ्रीका को कोचिंग दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *