कोलकाता, पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया को मेलबर्न में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच के लिए कुछ खास टिप्स दिए हैं। दोनो ही टीमें अभी तक इस सीरीज में 1-1 से बराबरी पर हैं। भारतीय बल्लेबाज तेज गेंदबाजों के अलावा स्पिनर नाथन लॉयन को खेलने में भी नाकाम रहे। गांगुली ने कहा है कि भारतीय बल्लेबाजों को लायन के खिलाफ आक्रामक होकर खेलते हुए उन्हें विकेट नहीं देने की रणनीति पर काम करना चाहिए। गांगुली ने कहा, ‘मैंने सोचा था कि मैं विराट को एक टेक्स्ट मेसेज करूंगा, हालांकि अभी तक मैंने ऐसा किया नहीं है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि भारतीय बल्लेबाजों को स्पिनर को इतने विकेट नहीं देने चाहिए। मैं मानता हूं कि लॉयन शानदार स्पिनर हैं, लेकिन शेन वॉर्न, मुथैया मुरलीधरन और ग्रीम स्वान भी तो महान थे।’
गांगुली ने कहा, ‘लॉयन की आउटसाइड ऑफस्टंप गेंदों को भारतीय बल्लेबाज काफी डिफेंड कर रहे हैं, मेरा मानना है कि ऐसी गेंदों पर आक्रामक रुख अपनाना चाहिए और स्कोर 300-350 तक पहुंचाना चाहिए।’ गांगुली भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन से भी बिल्कुल खुश नजर नहीं आए। उन्होंने कहा कि 2014 में दौरे के बाद भी भारतीय बल्लेबाजों में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लिए ये पहला ऑस्ट्रेलिया दौरा नहीं है। वो वहां पहले भी जा चुके हैं, उनका खेल यहां निखरना चाहिए था लेकिन हमने पर्थ में जो कुछ देखा उसे देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगता है। विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा को छोड़कर किसी ने ज्यादा रन नहीं बनाए हैं, जो टीम के लिए अच्छी बात नहीं है।’
गांगुली की सलाह, लॉयन के खिलाफ आक्रामक ढंग से खेलो