रायपुर, प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी आयोगों, निगमों, मंडलों, प्राधिकरणों, समितियों, परिषदों और अन्य संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संचालक और सदस्यों के किए गए मनोनयन को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने आज शाम यहां मंत्रालय (महानदी भवन) से इस आशय का आदेश जारी कर दिया। यह आदेश संवैधानिक आयोगों और विधि द्वारा स्थापित, जिनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य की नियुक्ति अधिनियम के परिप्रेक्ष्य में चयन प्रक्रिया के अनुसार की गई है, उन्हें छोड़कर अन्य समस्त आयोगों, निगमों, मंडलों, प्राधिकरणों, समितियों, परिषदों और अन्य संस्थाओं पर लागू होगा। आदेश में संबंधित प्रशासकीय विभागों के भार साधक सचिवों को उनके विभागों से संबंधित संस्था के अध्यक्ष अथवा यथा स्थिति अन्य पदनाम का दायित्व तत्काल प्रभार से सौंपा गया है।
उधर, राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चार सलाहकारों की नियुक्ति की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आज यहां मंत्रालय से जारी अलग-अलग आदेशों में विनोद वर्मा, महोबा बाजार रायपुर को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार, प्रदीप शर्मा, शैलेन्द्र नगर रायपुर को योजना, नीति, कृषि और ग्रामीण विकास सलाहकार, राजेश तिवारी, कांकेर को संसदीय सलाहकार और रूचिर गर्ग, डंगनिया रायपुर को मीडिया सलाहकार नियुक्त किया गया है।
CG में निगम-मंडलों, प्राधिकरणों और आयोगों की राजनितिक नियुक्तियां निरस्त, CM ने बनाये चार सलाहकार