भोपाल,मध्य प्रदेश में आज हुए मतदान के दौरान अनेक हिस्सों से ईवीएम मशीनें खराब होने की शिकायतें चुनाव आयोग से की गई हैं। ईवीएम खराब होने के कारण कई मतदाता बिना मतदान किए हुए ही वापस लौट गए, जबकि लंबी लाइन देखकर भी कुछ मतदाता घर वापस चले गए। इस प्रकार जहां जहां ईवीएम की दिक्कत हुई है वहां रीपोल करवाए जाने की मांग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने की है।
मतदान के बाद प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के अनेक हिस्सों से ईवीएम मशीन ख़राब होने और बंद होने की शिकायत आई थी, जिस पर उन्होंने सुबह से कई बार चुनाव आयोग से बात भी की है। उन्होंने कहा कि ईवीएम ख़राब होने के कारण अनेक मतदाता या तो चले गए या लंबी लाइन देखकर लौट गए। सतना में एक जगह तो ईवीएम ख़राब हुई तो वहाँ रिप्लेस के लिए ना तो दूसरी मशीन ही उपलब्ध थी और ना ही सुधारने के लिए ही कोई मैकेनिक उपलब्ध था। ऐसे में जहाँ-जहाँ ईवीएम की दिक्कत आयी है, वहाँ-वहाँ रीपोल करवाए जाने की मांग चुनाव आयोग से करने की बात कमलनाथ ने मीडिया के समक्ष की है। कमलनाथ ने कहा कि जहाँ-जहाँ गड़बड़ी की शिकायतें मिलीं वहाँ के पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से भी उन्होंने चर्चा की है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हो ताकि वर्दी की इज्जत भी बनी रहे। इसके साथ ही कमलनाथ ने प्रदेश के मतदाताओं को धन्यवाद भी दिया जिन्होंने इतनी बड़ी संख्या में प्रजातंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लिया। कमलनाथ ने यहां दावा किया कि भाजपा इस बात को लेकर बौखला गई है कि उसकी हार सुनिश्चित हो गई है, इसलिए बड़ी संख्या में हमले और हिंसा की भी खबरें आई हैं।
EVM की गड़बड़ी वाले मतदान केंद्रों पर फिर से पड़ें वोट : कमलनाथ