जयपुर,भाजपा नेता जसवंत सिंह के बेटे और विधायक मानवेंद्र सिंह ने बीजेपी छोड़ दी है। मानवेंद्र सिंह ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में बाड़मेर चर्चा का विषय था और 2018 में भी हर कोई बाड़मेर की ओर देख रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का आदेश है कि जो भी उसके खिलाफ हो उसके फोन टैप करो। मानवेंद्र ने कहा, ‘मोदी जी ने साल 2014 में मुझे फोन किया और कहा कि हमारे बीच पुराने रिश्ते रहे हैं और बाड़मेर में टिकट को लेकर जो कुछ भी हुआ वह बहुत ही दुखद है। मेरे इसमें कुछ भी लेना देना नहीं है। मैं उस मीटिंग में नहीं था जब यह फैसला किया गया। मैं कुछ भी नहीं कर सका। मानवेंद्र ने आगे कहा कि मोदी जी ने बताया कि जसवंत सिंह को टिकट न मिलने देने की साजिश के पीछे जयपुर से दो लोग और दिल्ली में बैठा कोई एक शख्स था। मानवेंद्र सिंह ने बीजेपी के शीर्ष नेताओं पर निशाना साधते हुये कहा कि उन्होंने सभी मुद्दों पर बात की लेकिन कुछ नहीं हुआ। जख्म गहरे हो रहे थे और कोई सुनने को तैयार नहीं था। उन्होंने कहा कि अब मामला सिर्फ बाड़मेर का नहीं है पूरे राजस्थान का मुद्दा है। मानवेंद्र सिंह ने यह साफ नहीं किया है कि वह कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि जनता जहां कहेगी वहीं जाऊंगा।
जसवंत सिंह के बेटे और विधायक मानवेंद्र ने भाजपा छोड़ी