नवापारा-राजिम,लोक सेवा केन्द्र दिलाने के नाम पर युवक से 1 लाख 23 हजार की ऑनलाईन ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी को पुलिस ने दो दिन की रिमांड में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोनेसिल्ली के सुरेन्द्र पिता शिवकुमार साहू (27) का छुरा के पंडरीपानीडीह में लोक सेवा केन्द्र की आईडी प्राप्त करने की कोशिश के दौरान आरोपी धर्मेन्द्र कुमार पिता चन्द्रभान प्रसाद, निवासी खोड़ा कालोनी, शंकर विहार, गाजियाबाद उत्तरप्रदेश से ऑनलाईन संपर्क हुआ। आरोपी ने लोक सेवा केन्द्र की आईडी देने के नाम पर समय-समय पर प्रार्थी से कुल 1 लाख 23 हजार रूपये अपने खाते में जमा करवा लिए थे । अंत में प्रार्थी को अपने साथ ऑनलाईन ठगी करने का अहसास होने पर 22 जून 18 को थाना गोबरा नवापारा में विस्तृत जानकारी देते हुए आरोपी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई थी । पुलिस धारा 420 के तहत् अपराध दर्ज कर आरोपी की पतासाजी कर रही थी। आखिरकार आरोपी की शिनाख्त व उसके पते की जानकारी होने पर एएसआई एसके साहू के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की टीम दिल्ली गई और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़कर थाने ले आई । आरोपी के पास से 40 हजार रूपए नगद, 4 अलग-अलग कंपनियों के मोबाईल व 8 सिम तथा 1 लैपटाप बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को दो दिन की रिमांड पर लिया है।
ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा