प्रणब मुखर्जी फाउंडेशन के काम में सहयोग देगा संघ

नई दिल्ली, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को अपने कार्यक्रम में बुला चुके राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने संघ के साथ अपने रिश्ते को और आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। संघ ने हरियाणा में प्रणब मुखर्जी फाउन्डेशन के काम में सक्रिय सहयोग देने का निर्णय लिया है। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ अपने फाउंडेशन के कई कार्यक्रमों का उद्घाटन करेंगे। प्रणब मुखर्जी गुरुग्राम के हरचंदपुर और नयागांव जाएंगे और प्रशिक्षण, नवाचार, वेयरहाउस, वाटर एटीएम जैसी कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वह इन दोनों गांवों के उद्यमियों और सरपंच से मुलाकात करेंगे। दोनों गांवों के कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी रहेंगे।
खबर के अनुसार, इस कार्यक्रम में प्रणब मुखर्जी ने संघ के 15 सीनियर और जूनियर, दोनों स्तर के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया है।
इन कार्यकर्ताओं ने कुछ दिनों पहले ही प्रणब मुखर्जी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। प्रणब ने इस दौरान बताया कि उनका फाउंडेशन हरियाणा में कुछ गांवों को गोद लेकर साफ पानी मुहैया कराने का प्रयास कर रहा है। आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें भरोसा दिया कि वे इस मामले में सभी तरह के जमीनी सहयोग मुहैया कराएंगे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें आरएसएस के इतिहास और संघर्ष पर एक कॉफी टेबल बुक भी भेंट की।
कार्यकर्ताओं ने बताया वह जो कुछ कर रहे हैं, वह एक सामाजिक कार्य है और आरएसएस की हरियाणा में अच्छी मौजूदगी है। हम उनकी हरसंभव मदद करेंगे। संघ के लिए काम महत्वपूर्ण है राजनीति नहीं। प्रणब मुखर्जी के एक सहयोगी ने इस बारे में कहा अभी ऐसा कुछ पुख्ता नहीं हुआ है कि संघ और मुखर्जी किसी प्रोजेक्ट पर साथ काम करेंगे। लेकिन वह जो कुछ कर रहे हैं, उसमें सभी को शामिल करना चाहते हैं। प्रणब मुखर्जी के फाउंडेशन की शुरुआत इसी साल मार्च में हुई थी। इसमें उनकी पूर्व सचिव ओमिता पॉल और पूर्व आईएएस अधिकारी थॉमस मैथ्यू भी काम कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *