तीन तलाक का विरोध करने वाले गलत, यह संविधान के खिलाफ-शबाना आजमी

जौनपुर, मशहूर सिने तारिका शबाना आजमी ने कहा है कि तीन तलाक की व्यवस्था मुस्लिम महिलाओं के शोषण के लिये बनायी गयी थी और यह हमारे संविधान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि ऐसे में सरकार ने जो कानून बनाया है उसका हम सब स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में 50 से ज्यादा इस्लामी देशों में से 24 मुल्कों ने तीन तलाक को अपनी व्यवस्थाओं से निकालकर बाहर फेंक दिया है और भारत में जो लोग इस पर प्रतिबंध का विरोध कर रहे हैं वो गलत हैं। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और संविधान ने यहां सबको अपना हक लेने का अधिकार दिया है।
श्रीमती शबाना आजमी ने यहां मोहम्मद हसन डिग्री काॅलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में उक्त बातें कहीं। देश में बलात्कार की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि निर्भया कांड के बाद देश की संसद ने दुष्कर्म की वारदात के खिलाफ कानून में बदलाव कर सख्त कानून बनाया था, मगर इसके बावजूद आज जिस तरह से देश में दुष्कर्म की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर लोगों को जागरुक करने की जरुरत है और सरकार को भी चाहिए कि जो भी ऐसे घृणित कार्य में दोषी पाया जाता है उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाय, जिससे समाज में संदेश जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *