बर्मिंघम,भारतीय टीम को पहले टेस्ट में हार के साथ ही एक और झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा पर इंग्लैंड के बल्लेबाज डेविड मलान के आउट होने पर जश्न मनाने के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के लिए मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना लगाया गया है।
ईशांत ने पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन मलान के आउट होने के बाद अतिउत्साहित तरीके से जश्न मनाया था जिसके बाद जुर्माने के अलावा उनके नाम पर एक नकारात्मक अंक भी जोड़ दिया गया।
आईसीसी ने एक बयान जारी कर कहा, ‘ खिलाड़ियों की आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करने पर ईशांत पर मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा उनके खाते में एक नकारात्मक अंक भी जोड़ दिया गया है।’
ईशांत ने आचार संहिता के नियम 2.1.7 का उल्लंघन किया है जिसमें ‘विरोधी खिलाड़ी के खिलाफ आउट होने पर गलत भाषा या इशारा करने पर सजा का प्रावधान है।’
बयान में कहा गया, ‘यह घटना तीसरे दिन खेल के पहले सत्र में घटी जब ईशांत मलान के बिल्कुल करीब जाकर जश्न मनाने लगे। मैच अधिकारियों को लगा कि उनकी यह हरकत विरोधी टीम के बल्लेबाज को आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकती थी।’
ईशांत ने आरोप को स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा लगाए गए जुर्माने को मान लिया। इसलिए उनपर आगे की कार्रवाई नहीं होगी।
ईशांत पर लगा मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना