जेपी अस्पताल में शुरु होगा टोकन सिस्टम,सौ मीटर की दूरी पर बनेगी स्मार्ट पार्किंग

भोपाल,राजधानी के जेपी अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए अब टोकन सिस्टम शुरु होगा। इससे मरीजों को लंबी कतार में लगने से मुक्ति मिल जाएगी। पार्किंग को व्यवस्थित करने के लिए यहां स्मार्ट पार्किंग बनाई जाएगी। अस्पताल से करीब 100 मीटर दूर खाली जमीन पर यह पार्किंग बनेगी। इसका संचालन नगर निगम द्वारा किया जाएगा। मौजूदा पार्किंग की जगह एंबुलेंस या डॉक्टरों के वाहन रहेंगे। सोमवार को अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की साधारण सभा की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। बैठक में रोगी कल्याण समिति के नए नियमों को लागू करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने बताया कि जेपी अस्पताल में मरीजों की संख्या ज्यादा रहती है। मरीजों को दो-दो घंटे तक खड़े-खड़े इंतजार करना पड़ता है। इस पर प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने टोकन सिस्टम लागू करने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में करीब 100 डॉक्टर हैं, पर ओपीडी में मरीज उस लिहाज से नहीं हैं।
बैठक में स्मार्ट पार्किंग बनाने का निर्णय लिया गया है। अभी यहां दो पहिया वाहन के 5 रुपए व चार पहिया वाहन के 10 रुपए तीन घंटे के लगते हैं। स्मार्ट पार्किंग में वह रेट लागू होगा जो शहर की दूसरी स्मार्ट पार्किंग में है। बैठक में कलेक्टर सुदाम पी खाडे, सीएमएचओ डॉ. सुधीर जेसानी व जेपी अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आईके चुघ मौजूद थे। बैठक हुए अन्य निर्णयों में अस्पताल परिसर में ही पुलिस चौकी के लिए जगह चिन्हित की जाएगी। पुलिस हाउंसिंग कॉरपोरेशन द्वारा चौकी बनाई जाएगी। ओटी, लेबर रूम के लिए एसी- नाक, कान एवं गला विभाग की ओटी, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी व मैटरनिटी ओटी में 10 एसी लगाए जाएंगे। गायनी ओटी, प्रसव कक्ष व पैथोलॉजी में उपकरणों को संक्रमणमुक्त करने के लिए पाच ऑटोक्लेव लगाए जाएंगे। 15 अगस्त से आयुष्मान भारत योजना शुरू होने जा रही है। इसके लिए अस्पताल को अनुबंधित करा व्यवस्थाएं दुरुस्त करना होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *