लखनऊ, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर पर बयानबाजी बढ़ती जा रही है। भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने एएमयू में जिन्ना की तस्वीर लगे होने को हिंदुत्व के कमजोर होने का नतीजा बताया है। उन्होंने कहा कि एएमयू से मांग के बावजूद चित्र का नहीं हटाया जाना कमजोर हिंदुत्व का नतीजा है। इस विश्वविद्यालय में हिंदुओ का वर्चस्व नहीं है, इसलिए वहां अभी तक जिन्ना की तस्वीर लगी हुई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दुर्बलता के कारण पाक-परस्त ताकतों के विरुद्ध समुचित कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरीखे नेता खुलेआम राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कथित रूप से जिन्ना को अच्छी शख्सियत बताने वाले उत्तर प्रदेश के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी की और कहा कि अगर जिन्ना मौर्य के आदर्श हैं तो उन्हें योगी मंत्रिमंडल से तत्काल नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। जिन्ना मौर्य की नजर में महापुरुष हो सकते हैं, किसी राष्ट्र भक्त की नजर में नहीं।
जिन्ना पर भाजपा में रार बीजेपी विधायक ने मांगा स्वामी मौर्य का इस्तीफा