गिल कार्तिक का धमाका, कोलकाता नाइटराइडर्स ने चेन्नै सुपर किंग्स को 6 विकेट से हराया

कोलकाता,युवा बल्लेबाज शुभमन गिल (57*) के नाबाद अर्धशतक और कैप्टन दिनेश कार्तिक (45*) की शानदार पारी की बदौलत कोलकाता नाइटराइडर्स ने आईपीएल-11 के 33वें मैच में चेन्नै सुपर किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। 2 बार की चैंपियन चेन्नै सुपर किंग्स ने 5 विकेट पर 177 रन बनाए और कोलकाता ने 4 विकेट पर 180 रन बनाकर 14 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शुभमन गिल ने 32 गेंदों पर अपने आईपीएल करियर की पहली फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 36 गेंदों की अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के जड़े और जीत में अहम भूमिका अदा की। कार्तिक ने 18 गेंदों की अपनी तूफानी पारी में 7 चौके और 1 छक्का जड़ा। गिल और कैप्टन कार्तिक ने पांचवें विकेट के लिए 83 रन की अविजित साझेदारी की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर टीम को लिन ने तेज शुरुआत देने की कोशिश की और लुंगी गिडी के पहले ओवर में लगातार 2 छक्के जड़े। गिडी के इसी ओवर की अंतिम गेंद पर लिन (12) को वॉटसन ने लपका। फिर उथप्पा (6) भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और आसिफ की गेंद पर ड्वेन ब्रावो को कैच थमा बैठे।
ओपनर सुनील नरेन (32) टीम के तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें रविंद्र जडेजा की गेंद पर ब्रावो ने लपका। नरेन ने 20 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के जड़े। रिंकू सिंह (16) को ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने बोल्ड किया। रिंकू ने 18 गेंदों पर 2 चौके जड़े।
इससे पहले चेन्नै ने 5 विकेट पर 177 रन का स्कोर बनाया। कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद 43 और ओपनर शेन वॉटसन ने 36 रन की पारी खेलीं। धोनी ने 25 गेंदों की अपनी नाबाद पारी में 1 चौका और 4 छक्के जड़े। उन्होंने रविंद्र जडेजा (12) के साथ पांचवें विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की।
चेन्नै को वॉटसन और फाफ डु प्लेसिस ने तेज शुरुआत दी और टीम ने 5 ओवर में ही 48 रन बना लिए। टीम को पहला झटका डु प्लेसिस (27) के रूप में लगा जिन्हें पीयूष चावला ने बोल्ड किया। डु प्लेसिस ने 15 गेंदों पर 4 चौके और 1 छक्का जड़ा। सुरेश रैना और वॉटसन ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। वॉटसन (36) को सुनील नरेन ने शिवम मावी के हाथों कैच कराया। उन्होंने 25 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के जड़े।
अनुभवी सुरेश रैना चेन्नै टीम के 101 के स्कोर पर तीसरे विकेट के रूप में कुलदीप यादव का शिकार बने। रैना ने 26 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। उन्हें मिशेल जॉनसन ने लपका। अंबाती रायडू (21) को सुनील नरेन ने बोल्ड किया। उन्होंने 17 गेंदों पर 3 चौके लगाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *