राहुल के विमान में आई खराबी कांग्रेस ने साजिश कह की जांच की मांग

बेंगलुरु, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के विमान में गुरुवार को गड़बड़ी पैदा होने को कांग्रेस ने सोची समझी साजिश करार दिया है। कांग्रेस ने इस साजिश के खिलाफ कर्नाटक पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है। कांग्रेस ने विमान में खराबी के पीछे अंतरराष्ट्रीय टैंपरिंग की भी आशंका जताई है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी ने विमान में खराबी के मसले पर राहुल गांधी से बात की है।
नई दिल्ली से कर्नाटक के हुबली जा रहा राहुल गांधी का 10 सीटर दसॉल्ट फॉकन 2000 एयरक्राफ्ट लैंडिंग के समय रनवे से उतर गया था। विमान में सवार राहुल के करीबी कौशल विद्यार्थी ने आरोप लगाया कि विमान अचानक बाईं ओर झुक गया और झटके लेने लगा। यही नहीं फ्लाइट के दौरान भी झटके लग रहे थे, यह बात सामान्य नहीं थी। कर्नाटक के आईजी और डीजी नीलमणि राजू को दी शिकायत में कौशल ने लिखा, ‘मौसम साफ और सामान्य था, ऐसे में प्लेन का इस तरह से झटके लेना सही नहीं था।
उन्होंने लिखा यात्रा के दौरान अस्पष्ट तकनीकी खराबियां आईं। सफर के दौरान करीब 10:45 एएम पर फ्लाइट असामान्य रूप से बाईं तरफ झुक गई और झटके के साथ नीचे आ गई। इस दौरान बाहर का मौसम बेहद सामान्य था। फ्लाइट से अजीब सी आवाज भी सुनाई दे रही थी। साथ ही यह भी पता चला कि फ्लाइट का ऑटो पायलट मोड काम नहीं कर रहा था। इस घटना के बाद कर्नाटक के कांग्रेस महासचिव शाकिर सनादी ने इस घटना के लिए पायलटों को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
शिकायत में कहा कि गया कि विमान की हुबली एयरपोर्ट पर तीसरी बार में लैंडिंग हुई, क्योंकि इससे पहले दो प्रयास असफल हो गए थे। लैंडिंग के दौरान भी प्लेन बुरी तरह हिल रहा था और उसके भीतर से आवाजें आ रही थीं। विद्यार्थी ने अपनी शिकायत में कहा फ्लाइट का जो अनुभव था, उससे हम बुरी तरह से डर गए थे। सभी लोगों बुरी तरह भयभीत हो गए थे। क्रू ने भी इस बात को माना है कि फ्लाइट में कुछ समस्याएं हुई थीं।
शिकायत में कहा गया मौसम ठीक था और उसके बाद भी प्लेन में आवाजें आना और लैंडिंग के समय उसका एक ओर को झुकना सामान्य बात नहीं हैं। इसकी वजह तकनीकी खराबी थी। इस मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्लेन से छेड़छाड़ की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इसकी जांच की जानी चाहिए।
उड्डयन निदेशालय के सूत्र ने बताया कि एयरक्राफ्ट में समस्या आने के बाद पायलटों ने राहुल को इस बारे में जानकारी दी। बीच उड़ान में पैदा हुई इस समस्या से निपटने और विमान की सफल लैंडिंग पर राहुल गांधी ने पायलटों को धन्यवाद दिया। इस बीच डीजीसीए ने मामले के सामने आने के बाद एयरक्राफ्ट और क्रू मेंबर्स को ड्यूटी से हटा दिया है। चार्टर कंपनी ने राहुल के लिए एक नए एयरक्राफ्ट की व्यवस्था की है, जिससे वह शुक्रवार को हुबली से वापस लौटेंगे। एक चार्टर ऑपरेटर ने कहा वायु सुरक्षा नियमों के मुताबिक यदि किसी विमान का ऑटोपायलट खराब हो जाता है, तब भी उसे गंतव्य तक वापस आने की अनुमति दी जाती है। यह ऐसी खराबी नहीं है, जिससे कोई हादसा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *