प्रेम प्रसंग में बुलंदशहर में दो बहनों की जला कर हत्या

बुलंदशहर,पूरा परिवार जिस समय खरीददारी के लिए बाजार गया हुआ था उसी समय घर में मौजूद दो बहनों की घर के अंदर जला कर हत्या कर दी गई। परिवार के लोग जब खरीददारी कर वापस घर लौटे तो उन्हें दोनों लड़कियों की जली हुई लाशें मिलीं। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को नामजद किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि बीबी नगर के बांहपुर गांव निवासी गजेंद्र के बेटे राहुल की शादी 18 फरवरी को होनी है। शादी में शामिल होने के लिए राहुल के मामा की बेटी शिवानी (22) हापुड़ के दरियापुर गांव से बांहपुर आई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। एक फरवरी को पूरा परिवार शॉपिंग के लिए शहर गया था। घर पर राहुल के बहन शीलू (23) और मामा की बेटी शिवानी ही रह गई थीं। देर रात परिजन शॉपिंग करके लौटे तो घर के अंदर सन्नाटा था। अजीब सी महक आ रही थी। घरवाले कमरे में गए तो वहां एक शीलू नाम की लड़की की जली हुई लाश मिली। शिवानी को आवाज लगाते हुए परिजन उसे ढूंढने लगे तो दूसरे कमरे में उसकी भी जली लाश पड़ी मिली।
परिजनों ने युवतियों की हत्या का आरोप एक परिचित युवक पर लगाया है। उन्होंने दावा किया कि मौके से उस युवक का मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से बरामद मोबाइल की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। शीलू की अधजली लाश के गले में तार बंधा मिला है। इससे आशंका है कि पहले दोनों युवतियों की गला घोंटकर हत्या की गई और फिर उन्हें आग लगाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *