श्रीनगर,आईएस से जुड़े होने की आशंका में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुणे की सादिया नाम की किशोरी की गिरफ्तारी के मामले में एक बार फिर नया मोड आ गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दावा किया है कि सादिया अनवर शेख अल कायदा कश्मीर यूनिट के प्रमुख जाकिर मूसा के पुलवामा जिले स्थित गांव में रह रही थी। पुलिस ने बताया कि सादिया त्राल स्थित नूरपुरा गांव में रह रही थी। सादिया को जहां रखा गया था वहां से कुछ दूरी पर ही मूसा का घर है।
बता दें कि पुणे की रहने वाली किशोरी सादिया अनवर शेख को आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े होने के शक में गिरफ्तार किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा 18 वर्षीय लड़की से की गई लंबी पूछताछ के बाद किशोरी को कुछ दिन पहले क्लीन चिट दे दी गई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सादिया त्राल स्थित नूरपुरा गांव में ठहरी थीं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है, ‘सादिया को जहां रखा गया था, वहां से कुछ दूरी पर ही मूसा का घर है। इससे इस आशंका को बल मिलता है कि वह मूसा के संपर्क में थी। पुलिस ने बताया कि उसकी मूसा से निकटता के हमारे पास कोई सुबूत नहीं हैं। हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह नूरपुरा में दो लड़कियों के साथ संपर्क में कैसे आई और उसके सबसे ज्यादा आतंकवाद प्रभावित क्षेत्र में रहने की क्या वजह थी? जब तक सब कुछ साफ नहीं हो जाता, तब तक हम उससे पूछताछ जारी रखेंगे।’ अधिकारी ने कहा सादिया कई बार बयानों से पलट चुकी हैं। वह सोशल नेटवर्किंग साइट्स के माध्यम से कई कश्मीरियों से संपर्क में थी। पूछताछ के दौरान किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह घाटी में रहना चाहती है।
जांच में नया मोड़, जाकिर मूसा के निकट संपर्क में थी सादिया