मुंबई, हाल ही में टीवी की ‘इशिता’ यानी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी के पति विवेक दहिया उस समय मुश्किल में फंस गए, जब रात में हो रही शूटिंग के दौरान कुछ लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। विवेक देर रात दो बजे एक हॉरर शो की शूटिंग कर रहे थे, तभी विवेक और उनके यूनिट वालों पर नशे में धुत्त कुछ लोगों ने हमला कर दिया।
हॉरर शो के निर्माता ने जरूरी अनुमतियां लेने के बाद ही देर रात शूटिंग का कार्यक्रम बनाया था। शूटिंग के दौरान अचानक ये लोग आ धमके और पूरी यूनिट पर हमला बोल दिया। उन्होंने डायरेक्टर की कार में भी बुरी तरह से तोड़फोड़ की। अचानक हुए इस हमले से डरकर शूटिंग कर रहे लोग खुद को बचाने के लिए यहां-वहां भागने लगे। हमले में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। विवेक दहिया ने बताया कि हमारे साथ चार सिक्युरिटी गार्ड्स थे, लेकिन हमला होते ही सबसे पहले वे ही भाग खड़े हुए।
हारर शो की शूटिंग के दौरान हमला, विवेक दहिया समेत अनेक लोग घायल