दुर्घटनाग्रस्त पवन हंस हेलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स मिला,तलाश अब भी जारी

मुंबई, शनिवार सुबह मुंबई से करीब 22 मील दूर अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त पवन हंस हेलीकॉप्टर का वॉयस डेटा रिकॉर्डर (ब्लैक बॉक्स) का पता चल गया है. हालांकि हेलीकॉप्टर के मलबों तथा लोगों को ढूंढने का काम जारी है. इस बीच नौसेना ने लापता चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए अपने तलाश अभियान का विस्तार किया है. भारतीय तटरक्षक के एक प्रवक्ता के मुताबिक, ‘तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के लापता अधिकारियों तथा हेलीकॉप्टर के चालक सदस्यों की तलाश उनकी बरामदगी तक जारी रहेगी. एयरक्राफ्ट वॉयस डेटा रिकॉर्ड (वीडीआर) बरामद हुआ है और मलबे की तलाश जारी है.’ गौरतलब है कि यह हेलीकॉप्टर शनिवार को मुंबई से करीब 22 मील दूर पालघर जिले के डहाणु स्थित अरब सागर दुर्घटनाग्रस्त में हो गया था. हेलीकॉप्टर में 7 व्यक्ति सवार थे. इनमें 5 ओएनजीसी के अधिकारी और दो पायलट थे. यह हेलीकॉप्टर कंपनी के अरब सागर स्थित बॉम्बे हाई के लिए रवाना होने के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि दो फास्ट इंटरसेप्टर क्राफ्ट्स-‘आईएनएस तरासा’ और ‘आईएनएस तेग’ भारतीय तट रक्षक (आईसीजी) के जहाज ‘समुद्र प्रहरी’, ‘अचूक’ और ‘अग्रिम’ के साथ मिलकर तलाश अभियान में जुटे हुए हैं. प्रवक्ता ने कहा कि कारवार से तलाशी अभियान में मदद के लिए नौसेना का पोत ‘मकर’ भी रवाना हो चुका है. उन्होंने बताया कि आईसीजी का अन्य जहाज ‘सम्राट’ भी तलाश और बचाव अभियान में शामिल होने के लिए मुंबई से रवाना हो चुका है. दमन से ‘आईसीजी डॉर्नियर’ सहित ओएनजीसी के नौ जहाज भी इस क्षेत्र में तलाश अभियान के लिए तैनात किए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *