ओपी सिंह होंगे UP के नए डीजीपी

लखनऊ,भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी ओम प्रकाश सिंह उत्तर प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक होंगे। श्री सिंह केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में तैनात हैं। श्री सिंह यूपी के वर्तमान पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह की जगह लेंगे। पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह अपना चार्ज अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था आनन्द कुमार को सौंपकर 31 दिसम्बर को सेवानिवृत्त हो गये हैं। मुख्य सचिव राजीव कुमार, प्रमुख सचिव गृह अरविन्द कुमार और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एसपी गोयल की कमेटी ने केन्द्र सरकार से श्री सिंह को केन्द्रीय सेवा से जल्द अवमुक्त करने की गुजारिश की है ताकि वह यहां कार्यभार ग्रहण कर सकें।
प्रमुख सचिव गृह अरविन्द कुमार ने मीडिया को बताया कि श्री सिंह जल्द ही डीजीपी पद पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। यहां यह बताना जरूरी है कि यूपी के नये डीजीपी 1983 बैच के आईपीएस हैं। वर्तमान में वह सीआईएसएफ के पद पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। श्री सिंह वरिष्ठता में सबसे लम्बे कार्यकाल वाले 7 वें नम्बर के अफसर हैं। उनके पास लम्बा कार्यकाल और अनुभव है। अभी उनके पास यूपी के डीजीपी पद पर कार्य करने को ढाई साल का वक्त है। यूपी के डीजीपी सुलखान सिंह का कार्यकाल को तीन माह और विस्तार दिया जाना था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। जिस कारण पहले तो यूपी में तैनात अफसरों को ही डीजीपी बनाये जाने की कवायद की गयी, लेकिन फिर अचानक ऐसे अफसर की तलाश की गयी जो आगामी लोकसभा चुनाव तक प्रदेश में पद पर बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *