योगी ने उपद्रवियों को चेताया उनकी संपत्ति जब्त कर करेंगे नुकसान की भरपाई

लखनऊ, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ और राज्य के अन्य इलाकों में हुई हिंसा पर चेताया है कि राज्य में सरकारी संपत्ति को जिसने नुकसान पहुंचाया है उसकी संपत्ति जब्त की जाएगी और इसी संपत्ति को बेचकर इस नुकसान की भरपाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है। योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी पार्टियों पर राज्य में हिंसा फैलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने राजनीति की रोटी सेंकने के चक्कर में महाबंदी के नाम पर पूरे देश को आगजनी में झोंकने का काम किया है।
ज्ञात रहे कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन के दौरान लखनऊ में कई जगह आगजनी और तोड़फोड़ हुई है। पुलिस की गाड़ी समेत कई गाड़ियों में आग लगा दी गई है। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया है। प्रदर्शनकारियों ने परिवर्तन चौक पर एक समाचार चैनल की ओबी वैन को भी नुकसाना पहुंचाया है। ओबी के टेक्निशियन को भी चोट आई है। लखनऊ के हजरतगंज में नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हिंसक होने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लिया। संभल में भी प्रदर्शन हिंसक हो गया। यहां प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज की एक बस को आग के हवाले कर दिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। पूरे उत्तरप्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *