गाजियाबाद, गाजियाबाद में फूड इंस्पेक्टर के साथ हुए विवाद के बाद दर्ज हुई एफआईआर को लेकर नाराज लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर अपनी बात पर अड़ गये हैं। इस दौरान उनके समर्थन में बीजेपी के साथ सपा के विधायक भी खुलकर आ गए है। इससे यह मामला और भी पेचिदा हो गया है। दरअसल, इस मामले में विधायक नंदकिशोर का कहना है कि उन्होंने ना केवल सीएम योगी को पूरी बात बताई बल्कि सदन में भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अंतिम समय तक लड़ूंगा, मुझे न्याय मिलकर रहेगा। बता दें कि जिला प्रशासन की ओर विधायक नंदकिशोर गुर्जर के संबंध में पूरी गोपनीय रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी ने उनकी पूरी बात सुनी है। जिसमें बाद से उन्हें पूरा विश्वास है कि न्याय मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने उनके खिलाफ 12 केसों की रिपोर्ट दी है, जबकि अधिकांश केस फर्जी हैं और गलत कार्यों का विरोध करने पर फंसाया गया है। इसकी यदि जांच करा ली जाए तो असलियत पता लग जाएगी। विधायक के मामले में महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा से पूछने पर उन्होंने कहा कि यह मामला उनके स्तर का नहीं हैं। इस बारे में पार्टी के वरिष्ठ नेता ही कुछ बोलेंगे और तय करेंगे कि आगे क्या करना है। बता दें कि जिले के फूड इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह ने 27 नवंबर को एक विडियो वायरल कर विधायक नंदकिशोर पर कार्यालय में बुलाकर धमकी देने व उनके समर्थकों द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस पर एसपी ग्रामीण नीरज जादौन की संस्तुति पर विधायक व उनके साथियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विधायक प्रतिनिधि ललित शर्मा समेत दो को गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान विधायक ने भी अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट में याचिका दायर की हुई है। हालांकि विधायक ने फूड इंस्पेक्टर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अपने पर लगे आरोपों को गलत बताया है।
नंदकिशोर गुर्जर बोले भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ूंगा, न्याय मिलकर रहेगा