लंदन, विश्व कप क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका की टीम फार्म में तो वापस लौटी लेकिन बहुत देर से। लगातार मैच हारने के बाद अंततः दक्षिण अफ्रीका ने इस विश्व कप की सबसे प्रभावी जीत हासिल की जब लीग मैच में श्रीलंका को 9 विकेट से पराजित कर दिया। दक्षिण अफ्रीका तो विश्वकप से बाहर हो ही चुकी है लेकिन उसकी इस प्रभावी जीत ने श्रीलंका की भी आशाओं को धूमिल कर दिया है। श्रीलंका की टीम ने लड़खड़ाते हुए 49.3 ओवर में 10 विकेट खोकर मात्र 203 रन बनाए थे। इस लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने 37.2 ओवर में 206 रन बनाकर प्राप्त कर दिया।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत इतनी प्रभावी नहीं रही। ओपनर क्विंटन डी कॉक को लसिथ मलिंगा ने बोल्ड कर दिया। उस वक्त पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद फेंकी गई थी और दक्षिण अफ्रीका ने 31 रन बनाए थे जिसमें तीन चौके की सहायता से डिकॉक ने 15 रन का योगदान दिया था। किंतु इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने पलटकर नहीं देखा। इस विश्वकप में आमतौर पर साधारण बल्लेबाजी करने वाले हाशिम अमला ने 105 गेंदों में 80 रन की पारी खेली और 5 चौके लगाए। फाफ डू प्लेसी ने 96 रन बनाए और 103 गेंदें खेली। उन्होंने 10 चौके और एक छक्का लगाया लेकिन शतक नहीं बना पाए। दक्षिण अफ्रीका ने यह मैच 9 विकेट से जीत लिया। श्रीलंका की तरफ से एकमात्र सफल गेंदबाज़ रहे लसिथ मलिंगा जिन्होंने एक विकेट लिया। लेकिन इस जीत का दोनों देशों के लिए कोई महत्व नहीं है क्योंकि श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका अब विश्व कप से लगभग बाहर हो चुके हैं।
इससे पहले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के 35वें मैच में श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 204 रनों का लक्ष्य दिया । इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 49.3 ओवरों में 203 रन बनाये। श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने सलामी बल्लेबाज करुणारत्ने का विकेट शुरुआत में ही खो दिया। करुणारत्ने बिना कोई रन बनाये रबाडा की गेंद पर डु प्लेसिस के हाथों कैच आउट हुए। पहला विकेट शून्य पर ही गिरने के बाद कुशल परेरा और फर्नाडो ने पारी को संभालने का प्रयास करते हुए दूसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। फर्नाडो 30 रन बनाकर बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद परेरा भी इतने ही रन बनाकर आउट हो गये। मैंडिस ने 23, सिल्वा ने 24 और मैथ्यूज ने 11 रन बनाए। थिसारा परेरा ने 21 रनों का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसे उसके गेंदबाजों ने सही साबित करते हुए लंकाई टीम को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया।
दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 9 विकेट से हराया, डू प्लेसी ने बनाये 96* रन