नागपुर, शायद आपको यह सुनकर हैरानी होगी कि दो दिन में तीन लोगों के चाय-नाश्ते पर डेढ़ लाख रुपए खर्च हो सकते हैं? लेकिन ऐसा नागपुर यूनिवर्सिटी में हुआ है। विश्वविद्यालय की बोर्ड ऑफ स्टडीज बैठक में तीन लोग शामिल हुए और इनके चाय, कॉफी और नाश्ते में डेढ़ लाख रुपए का बिल बनाया गया। बिल के मुताबिक मीटिंग में शामिल इन तीन लोगों ने 99 कप चाय और 25 कप कॉफी पी। इस चाय-नाश्ते का बिल जब यूनिवर्सिटी के वीसी एसपी काने के पास पहुंचा तो वह इसे देखकर दंग रह गए। उन्होंने बिल को न केवल मंजूरी देने से इनकार कर दिया बल्कि वित्त विभाग ने इसकी जांच भी शुरू कर दी। नागपुर यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने बताया कि जब ये बिल वित्त और अकाउंट सेक्शन के हेड राज हिवासे के पास आया तो वह हैरान रह गए और उन्होंने इसकी शिकायत वीसी से की। राजू हिवासे ने कहा कि हम लोगों ने बिल पास करने से इनकार कर दिया और उसे संबंधित विभाग को वापस कर दिया। हमने अध्ययन बोर्ड से स्पष्टीकरण मांगा है कि चाय-कॉफी का बिल इतना ज्यादा कैसे हुआ। अगर ये बिल सही हैं तो उनसे इसे साबित करने को कहा गया है। वीसी ने बताया कि बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक पिछले महीने यूनिवर्सिटी के पाठ्यक्रम और शैक्षिक सत्र के मुद्दे को लेकर बुलाई गई थी। इस बैठक में बोर्ड के सदस्यों के लिए यूनिवर्सिटी की तरफ से चाय-नाश्ते का प्रबंध था।
नागपुर विश्वविद्यालय में तीन लोगों के चाय-नाश्ते पर दो दिन में खर्च हुए डेढ़ लाख