सूरत के महापौर से इस्तीफा लो नहीं तो अनशन, 12 घंटें का समय दिया

सूरत, तक्षशिला अग्निकांड के तीसरे दिन आज सूरत पहुंचे कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने आज सूरत के महापौर से 12 घंटों में इस्तीफा देने और घटना के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की. ऐसा नहीं होने पर अनशन करने की हार्दिक पटेल ने चेतावनी दी. बता दें कि शुक्रवार को सूरत के सरथाणा क्षेत्र के तक्षशिला कॉम्प्लेक्स में आग लग गई थी. जिसमें 22 बच्चों की मौत हो गई थी.
आज सूरत पहुंचे हार्दिक पटेल ने कहा कि उन्हें यकीन था कि तक्षशिला अग्निकांड के बाद गुजरात सरकार बच्चों के परिवार को न्याय देगी. लेकिन तीन दिन गुजर जाने के बावजूद घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई. हार्दिक ने कहा कि मैं इस घटना में मारे गए बच्चों के परिवारों को न्याय दिलाऊंगा और अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने वाले अधिकारियों को सजा दिलाऊंगा. सूरत में मैं मारे गए बच्चों के परिवार से भी मुलाकात करूंगा. हार्दिक पटेल ने कहा कि वह सरकार को 12 घंटे का समय देते हैं कि सूरत के महापौर का इस्तीफा ले और अवैध बिल्डिंग को पास करने वाले अधिकारी तथा समय पर घटनास्थल पर पहुंचने विलंब करने वाले फायर विभाग के अधिकारियों के खिलाफ तुरंत केस दर्ज करे. यदि भाजपा सरकार मारे गए बच्चों के परिवार के साथ न्याय नहीं करती है तो मैं आज शाम सूरत महानगर पालिका कचहरी के सामने अनशन पर बैठ जाऊंगा. उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर कई परिवारों में मातम पसरा है, दूसरी ओर भाजपा अपने विजयोत्सव में मस्त है. सूरत की जनता से करोड़ों रुपए टेक्स वसूला जाता है, लेकिन सुविधा नहीं दी जाती.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *