हेमंत करकरे पर प्रज्ञा ठाकुर को नहीं देना था बयान – फडणवीस

इन्दौर,लोकसभा चुनाव की बहुचर्चित भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर द्वारा एटीएस प्रमुख रहे हेमंत करकरे पर विवादित बयान पर प्रतिक्रियाओं का दौर अब भी जारी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने सोमवार को इन्दौर में कहा कि हेमंत करकरे को भाजपा शहीद मानती है और प्रज्ञा ठाकुर को उन पर कोई भी बयान नहीं देना था। उन्होंने कहा कि हालांकि साध्वी प्रज्ञा ने अपना बयान वापस ले लिया था।
मराठी समाज के कार्यक्रम में शामिल होने इन्दौर आए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान ”हिन्दू आतंकवाद” के सवाल पर कहा कि आतंकवाद, आतंकवाद होता है। आतंकवादी की कोई जाति नहीं होती है, लेकिन हिन्दू आतंकवाद जैसे नाम की कोई चीज नहीं है, यह तो कांग्रेस ने वोट बैंक हथियाने के लिये इनके नेता दिग्विजयसिंह, सुशील शिन्दे और शरद पंवार के द्वारा दिया गया नाम है। आपने हेमंत करकरे को शहीद कहते हुए कहा कि जो शहीद है वो हमेशा सम्माननीय रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा हेमंत करकरे को शहीद मानती है और इसलिए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर हेमंत करकरे पर ऐसा बयान नहीं देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि हालांकि यह साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का यह निजी बयान था और बाद में उन्होंने इसके लिए माफ़ी भी मांग ली थी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी भी शहीद है लेकिन प्रधानमंत्री के द्वारा देश की जनता को उस समय की देश की वास्तविकता बताना जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि भोपाल से बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बयान दिया था कि उन्होंने श्राप दिया था, इसके बाद आतंकवादियों ने हेमंत करकरे को मारा है। प्रज्ञा के इस बयान के बाद देश में राजनीतिक उथल-पुथल मच गई थी। भाजपा को इस मामले में सफाई भी देनी पड़ी थी कि यह उनका निजी बयान है। इसके बाद साध्वी प्रज्ञा ने भी इस बयान को व्यक्तिगत बताते हुए वापस ले लिया था।
पाकिस्तान को छोड़ सारे इस्लामिक देश भारत के साथ
फडणवीस ने कहा कि आज दुनिया के सारे देश भारत के साथ खड़े है। पाकिस्तान को छोड़कर सारे इस्लामिक देश भारत के साथ है। दुनिया में पाकिस्तान को अलग थलग करने का काम मोदीजी ने किया। मोदीजी के नेतृत्व में उरी घटना के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राईक की तथा पुलवामा हमले के बाद एयरस्ट्राईक की गई। सैन्य स्ट्राईक करने में दुनिया में भारत का नाम भी शामिल हुआ है। फडणवीस ने कहा कि दो घटनाएं जिसमें पहली हमारे वीर सपूत अभिनंदन को 48 घंटे में वापस देश में लाना तथा दूसरी अजहर मसूद को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने के लिये पूरी दुनिया के देश हमारे साथ खड़े हुए। दुनिया में भारत की साख बढ़ी और हमारी आतंकवादी के खिलाफ जीत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *