उप्र में पांचवे चरण में पड़े 57.33 % वोट राजनाथ, सोनिया, राहुल की सीटों पर शांतिपूर्ण रहा मतदान

लखनऊ, लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सोमवार को उप्र की 14 सीटों पर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच 57.33 फीसदी मतदान हुआ। सबसे अधिक मतदान धौरहरा लोकसभा सीट पर 64 फीसद तथा सबसे कम 51.80 फीसद गोण्डा लोकसभा सीट पर हुआ। इन्हीं सीटों पर साल 2014 में 56.92 फीसद मतदान हुआ था। मतदान के साथ ही केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी, केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मेनका गांधी समेत कई सियासी महारथियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक चला। वर्ष 2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन 14 में से 12 पर जीत हासिल की थी। बाकी बची अमेठी और रायबरेली सीटें कांग्रेस के खाते में गयी थीं।
पांचवें चरण में धौरहरा में 64 फीसद, सीतापुर में 62.66 फीसद, मोहनलालगंज (सुरक्षित) में 60.65 फीसद, लखनऊ में 53.94 फीसद, रायबरेली में 53.68, अमेठी में 53.20 फीसद, बांदा में 60 फीसद, फतेहपुर में 55.08 फीसद, कौशाम्बी (सुरक्षित) में 53.60 फीसद, बाराबंकी (सुरक्षित) में 63 फीसद, फैजाबाद में 60.40 फीसद, बहराइच (सुरक्षित) में 56.23 फीसद, कैसरगंज में 54.87 फीसद और गोण्डा में 51.80 फीसद मतदान हुआ। इसके अलावा दस मतदेय स्थलों पर पुनर्मतदान भी हुआ। जिसके तहत शाहजहांपुर के आठ मतदेय स्थलों में 45.92, आगरा सुरक्षित के एक मतदेय स्थल पर 52.30 तथा हमीरपुर में भी एक मतदेय स्थल पर 65.76 फीसद मतदान हुआ। इस चरण में दो करोड़ 50 लाख 68 हजार 296 मतदाता थे जबकि कुल 182 उम्मीदवार मैदान में थे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मतदान के लिये 16126 मतदान केन्द्र और 28100 मतदेय स्थल बनाये गये थे। पांचवें चरण के चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिये 2145 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 273 जोनल मजिस्ट्रेट, 262 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 14 सामान्य प्रेक्षक और आठ पुलिस प्रेक्षक तैनात किये गये थे। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिये पर्याप्त संख्या में अर्द्धसैनिक बल तथा पीएसी तैनात की गयी थे।
सपा-बसपा-रालोद गठबंधन ने अमेठी और रायबरेली सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारे थे। साथ ही उन्होंने अपने संगठन और कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के आला नेताओं की जिताने की अपील की थी। पांचवें चरण के चुनाव में केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ), कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (अमेठी), संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी (रायबरेली), केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (अमेठी), पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद (धौरहरा) और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री (फैजाबाद) जैसे छत्रपों की प्रतिष्ठा दांव पर है। राजनाथ लखनऊ सीट से एक बार फिर संसद पहुंचने की कोशिश में हैं, वहीं उनकी मंत्रिमण्डलीय सहयोगी स्मृति ईरानी नेहरू-गांधी परिवार की परम्परागत सीट अमेठी का इतिहास बदलने को बेताब हैं। वहीं पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद एक बार फिर धौरहरा सीट से मैदान में हैं। इसी सीट से कभी चम्बल के कुख्यात डकैत रहे मलखान सिंह को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *